ड्यूटी न लेने वाले आठ प्रगणकों के खिलाफ एफआईआर

Press Release उत्तर प्रदेश

—–लापरवाही पर नगर निगम प्रशासन सख्त,चारों जोन में दो- दो कर्मियों पर कार्रवाई

—- जनगणना में लगे कर्मचारियों की समस्या समाधान को बनाई जाए हेल्प डेस्क
—-जनगणना कार्य में तेजी लाने को नगर आयुक्त ने अधिकारियों कर्मचारियों की लगाई क्लास

आगरा। जनगणना के लिए ड्यूटी न लेने पर नगर निगम प्रशासन अब एक्शन मोड़ में आ गया है। जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार ने नगर निगम के चारों जोन हरी पर्वत , ताजगंज, छत्ता और लोहा मंडी से ड्यूटी न लेने वाले दो – दो कुल आठ प्रगणकों के खिलाफ संबंधित थानों में एफ आई आर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
वहीं दूसरी ओर नगर निगम द्वारा कराई जा रही जनगणना की तैयारियों और प्रगति की समीक्षा को लेकर नगर निगम कार्यकारिणी हाल में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों, सुपरवाइजरों और प्रगणकों की जमकर क्लास ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों द्वारा अब तक ड्यूटी रिसीव नहीं की गई है, उनके विभागाध्यक्षों को तत्काल विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जाएं। इसके बाद भी यदि संबंधित कर्मचारी जनगणना किट प्राप्त नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण कार्य किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि आज ही अपनी-अपनी एच एल बी को सक्रिय करें, ताकि सर्वे कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस कार्य में सभी कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ काम करना होगा।
बैठक में नगर आयुक्त ने नगर निगम के समस्त राजस्व निरीक्षकों को अपने-अपने वार्डों का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए निर्देश दिए कि वे संबंधित सुपरवाइजरों और प्रगणकों से लगातार समन्वय बनाए रखें तथा क्षेत्र में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि फील्ड में कार्य कर रहे कर्मचारियों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
इसके साथ ही नगर निगम के चारों जोन में “ मे आई हेल्प यू ” डेस्क संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक डेस्क पर एक लिपिक की ड्यूटी लगाई जाए, जो आने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों की समस्याओं को रजिस्टर में दर्ज कर उनका समाधान सुनिश्चित कराए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कर्मचारियों की छोटी-छोटी समस्याओं का त्वरित निस्तारण होने से कार्य की गति और गुणवत्ता दोनों बेहतर होंगी। बैठक के दौरान जनगणना कार्य की प्रगति, प्रशिक्षण, किट वितरण तथा तकनीकी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने दो टूक कहा कि जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जबकि बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *