
जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा कागारौल में जनपद की लीड बैंक केनरा बैंक की 98 वीं शाखा का फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ
नवीन बैंक शाखा में ग्राहकों को मिलेंगी समस्त आधुनिक सुविधाएं-एलडीएम
आगरा.13/07/2026/ आज जिलाधिकारी श्री नीष बंसल द्वारा जनपद आगरा के गांव कागारौल में लीड बैंक केनरा बैंक की 98 वीं शाखा का फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने कहा कि नवस्थापित बैंक शाखा के संचालन से क्षेत्र के लोगों को अपने दैनिक बैंकिंग कार्यों में बड़ी सुविधा मिलेगी। अब स्थानीय नागरिकों को खाता खोलने, अपनी बचत सुरक्षित जमा करने तथा अन्य बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध ऋण सुविधाएँ, जैसे किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण, युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत ऋण, विद्यार्थियों के लिए शिक्षा ऋण तथा परिवारों के लिए गृह ऋण आदि का लाभ भी अब लोगों को अपने घर के निकट ही प्राप्त हो सकेगा।
जिलाधिकारी महोदय ने विश्वास व्यक्त किया कि बैंक शाखा के खुलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि शाखा में स्वयं सहायता समूह की बैंक सखी की भी नियुक्ति की जाएगी, जो घर-घर जाकर लोगों को बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे बैंकिंग सेवाओं का विस्तार होने के साथ-साथ बैंक सखी एवं उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि शाखा खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा,उन्होंने केनरा बैंक की सराहना करते हुए कहा कि बैंक, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) के नेतृत्व में विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि एलडीएम एवं लीड बैंक जिले के सभी बैंकों के बीच समन्वय स्थापित कर सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक सरलता एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्थानीय क्षेत्रवासियों से बैंक शाखा की सेवाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
लीड बैंक मैनेजर श्री ऋषिकेश बनर्जी जी ने कहा कि शाखा ग्राहकों को सभी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं प्रदान करेगी, जिनमें डिजिटल लेन-देन, किसान क्रेडिट कार्ड, लोन सुविधा और अन्य वित्तीय सेवाएं शामिल हैं। लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया और कहा कि अब उन्हें बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय व्यवसायों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
कार्यक्रम में सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत रवि, संतोष, किशन, राहुल, मुकेश, असलम उस्मानी को 05 -05 लाख का लोन सेंशन लैटर, स्त्री शक्ति योजना में सोमवती, शीला, भूरी देवी, रूबी, सीमा देवी को 50-50 हजार की ऋण सुविधा प्रदान कर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एलबीओ अंकित सहगल ने किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक कैनरा बैंक श्री सुनित कुमार सिंह, श्री सत्य प्रकाश सिंह, सहायक महाप्रबंधक तथा ग्राम प्रधान सहित गणमान्यजन एवं क्षेत्रीय जन मौजूद रहे।


