—– नगर निगम का 24 घंटे का अल्टीमेटम,नहीं हटाया सामान तो होगी सख्त कार्रवाई
आगरा। नगर निगम की कार्रवाई और जुर्माने के बावजूद एक बिल्डिंग मटेरियल विक्रेता द्वारा सड़क पर मोरंग, बजरी और गिट्टी रखकर यातायात व्यवस्था को बाधित किए जाने का मामला सामने आया है। नगर निगम द्वारा कार्रवाई कर दो ट्रिपल गिट्टी जब्त भी कर ली है।
कावेरी विहार फेस-वन स्थित मिल्टन स्कूल के पास “लक्ष्मी ट्रेडर्स” नाम से संचालित दुकान के संचालक ने चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
23 अप्रैल को नगर निगम की टास्क फोर्स ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संबंधित कारोबारी पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। साथ ही उसे सख्त निर्देश दिए गए थे कि वह तत्काल सड़क से बिल्डिंग मटेरियल हटाए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बावजूद कारोबारी ने न तो मटेरियल हटाया और न ही निगम के निर्देशों का पालन किया। सड़क किनारे फैले मोरंग, बजरी और गिट्टी के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे वाहनों के आवागमन में दिक्कत हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा और अवर अभियंता कृष्ण गोपाल ने पुनः मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस पर अधिकारियों ने संबंधित दुकानदार को 24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम दिया है।
वर्जन नगर आयुक्त —–
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि शहर में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से मटेरियल रखना नियमों का उल्लंघन है। संबंधित दुकानदार को पहले ही चेतावनी और जुर्माना लगाया जा चुका है। यदि 24 घंटे के भीतर मटेरियल नहीं हटाया गया तो उसे जब्त कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।”


