आईजीआरएस मीटिंग में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और फील्ड मॉनिटरिंग पर जोर

Press Release उत्तर प्रदेश

—– अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने तय की कार्ययोजना

आगरा। नगर निगम कार्यकारिणी हाल में आयोजित आईजीआरएस समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शहर की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, जन शिकायतों के निस्तारण, फील्ड निरीक्षण, जलभराव, नाला सफाई, प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्रवाई तथा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करें तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नालों की सफाई, सड़कों की स्वच्छता और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव संभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी करने और आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नागरिक सहभागिता बढ़ाने, जागरूकता अभियान तेज करने तथा शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराए और टीम भावना के साथ कार्य करें।
बैठक में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखने, अतिक्रमण हटाने तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र समाधान करने को कहा गया। अपर नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करते हुए नगर निगम की छवि को और बेहतर बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *