
—– कौशलपुर से अबुलउल्ला दरगाह तक चैंबर संख्या-291 में भरी मिट्टी हटेगी, मेट्रो और नगर निगम की संयुक्त टीम ने किया मौके का निरीक्षण
—— आज रात से शुरू होगा चैंबर को खाली करने का कार्य
आगरा। शहर में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के कारण कौशलपुर से अबुलउल्ला दरगाह तक गुजरने वाले भूमिगत नाले के चैंबर में मिट्टी भर जाने से आसपास की कॉलोनियों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। इसके चलते कौशलपुर, चंद्रनगर और गोपाल निकुंज कॉलोनी में बारिश के दौरान जलनिकासी प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। समस्या सामने आने के बाद नगर निगम और मेट्रो अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण कर समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान भूमिगत नाले का चैंबर संख्या-291 मिट्टी से भर गया था। साथ ही मेट्रो निर्माण के दौरान एक चैंबर बंद किए जाने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम ने मेट्रो अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि मेट्रो परियोजना निदेशक अरविंद राय से समन्वय स्थापित कर उस बंद किए गए चैंबर को चिन्हित कराया गया है। मेट्रो की ओर से चैंबर की सफाई और अवरोध हटाने का कार्य कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और देर रात से सफाई अभियान प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि भूमिगत नाले की जलनिकासी व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निगम किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं बनने देना चाहता। इसी उद्देश्य से मेट्रो अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर कार्य कराया जा रहा है। चैंबर की सफाई पूरी होते ही कौशलपुर, चंद्रनगर और गोपाल निकुंज सहित आसपास के क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है।
वर्जन —–
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की किसी भी समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है। जहां भी विकास कार्यों के कारण जलनिकासी प्रभावित हुई है, वहां संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेट्रो निर्माण से प्रभावित सभी नालों और चैंबरों का निरीक्षण कर आवश्यक सफाई एवं मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि नागरिकों को बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


