15 दिन में होगी सभी बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान, डीएम ने दिए निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

—– ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला,

—– सोशल मीडिया के जरिए जागरूकता अभियान भी चलेगा

आगरा। जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वच्छ कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी नितिन बंसल की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निगम, जिला पंचायत, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों के अधिकारियों के साथ होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में नगर निगम के पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रमुख प्रावधानों, विभिन्न हितधारकों की जिम्मेदारियों तथा नियमों के प्रभावी अनुपालन के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि नियमावली का उद्देश्य स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, वैज्ञानिक निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद स्तर पर नियमावली के प्रभावी अनुपालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक स्पेशल सेल का गठन किया जा चुका है। यह प्रकोष्ठ नियमावली के पालन की निगरानी करेगा और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करेगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के भीतर जनपद के सभी बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाए। इसमें अस्पताल, महाविद्यालय एवं शिक्षण संस्थान, होटल, बड़ी आवासीय सोसाइटियां तथा नियमावली में शामिल अन्य संस्थानों को प्राथमिकता से चिन्हित किया जाए। साथ ही इन संस्थानों का पंजीकरण या संचालन करने वाले संबंधित विभागों और नोडल एजेंसियों से आवश्यक सूचनाएं प्राप्त कर निर्धारित मानकों के अनुरूप सूची तैयार की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया सहित अन्य जनसंचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि नागरिकों, संस्थानों और अन्य हितधारकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े तथा सभी के सहयोग से स्वच्छ और सतत अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था स्थापित की जा सके।
बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं से नियमावली के प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का आह्वान किया गया। इस दौरान न ठोस अपशिष्ट नियमावली 2016 और 2026 के दौरान किये गये परिवर्तनों पर भी चर्चा हुई। कार्यशाला में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम और एस एफआई सुदेश यादव के अलावा जिले की सभी नगर पंचायत और नगर पालिकाओं के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *