मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे वेतन पैकेज के अंतर्गत दिवंगत रेल कर्मचारी के परिजन को ₹1 करोड़ की बीमा राशि का चेक सौंपा

Press Release उत्तर प्रदेश

रेलवे कर्मचारियों के कल्याण के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण

आगरा। रेलवे कर्मचारियों के सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा कवच को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आगरा मंडल द्वारा रेलवे वेतन पैकेज के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल की गई। आगरा मंडल का भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ रेलवे वेतन पैकेज के तहत वेतन खातों के संचालन के लिए समझौता (एमओयू) है, जिसके माध्यम से कर्मचारियों को बैंक द्वारा अनेक विशेष सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। इनमें ऑन-ड्यूटी दुर्घटना में कर्मचारी की मृत्यु होने पर ₹1 करोड़ तक की दुर्घटना बीमा दावा राशि भी शामिल है।
आगरा मंडल के परिचालन विभाग में मुख्य कंट्रोलर के पद पर कार्यरत स्वर्गीय श्री चन्द्र प्रकाश मीना का ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया था। वे भारतीय स्टेट बैंक के रेलवे वेतन पैकेज के अंतर्गत वेतन प्राप्त कर रहे थे। उनके निधन के उपरांत आगरा मंडल के कार्मिक विभाग के हित अनुभाग द्वारा बीमा दावा प्राप्त करने हेतु सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर भारतीय स्टेट बैंक से दावा स्वीकृत कराने की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस कार्य में कार्मिक अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कल्याण निरीक्षकों ने परिजनों को प्रत्येक आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के पश्चात आज दिनांक 03 अगस्त 2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने भारतीय स्टेट बैंक द्वारा स्वीकृत ₹1 करोड़ की दुर्घटना बीमा दावा राशि का चेक दिवंगत कर्मचारी की पत्नी श्रीमती खेलबाई मीना को सौंपा तथा परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे वेतन पैकेज कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से अधिकाधिक कर्मचारियों को रेलवे वेतन पैकेज के अंतर्गत वेतन खाते खुलवाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर कर्मचारी एवं उनके परिवार इस प्रकार की महत्वपूर्ण वित्तीय सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरुण सिंह तोमर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) कुलदीप मीना, भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक नितिन अग्रवाल, मुख्य प्रचार निरीक्षक मोहन मीना, मुख्य कल्याण एवं हित निरीक्षक प्रवीण कुमार तथा मुख्य कल्याण एवं हित निरीक्षक दिनेश कुमार मीना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह पहल रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति भारतीय रेलवे की संवेदनशीलता, सामाजिक सुरक्षा तथा कर्मचारी हितों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *