
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, द्वारा मानसिक चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
आगरा 26/03/2026आज राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आज जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक के नेतृत्व में निरीक्षण समिति द्वारा मानसिक चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य संस्थान, आगरा का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान निरीक्षण समिति के सदस्य श्रीमती संगीता कुमारी, अपर जिला जज, विराट कुमार श्रीवास्तव, अपर जिला जज, यशवंत सरोज, अपर जिला जज एवं श्रीमती विनीता सिंह-I, सचिव (पूर्णकालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर श्री दिनेश राठौर, निदेशक, मानसिक चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य संस्थान, आगरा तथा श्री अनिल सिसोदिया, अधीक्षक, मानसिक चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य संस्थान, आगरा भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान संस्थान के महिला वार्ड एवं पाकशाला वार्ड का अवलोकन कर साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही संस्थान में निवासरत महिलाओं से चिकित्सा उपचार, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं समय पर भोजन उपलब्ध कराए जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। उपस्थित महिलाओं से संस्थान के कर्मचारियों के व्यवहार के संबंध में भी जानकारी ली गई, जिस पर उनके द्वारा किसी प्रकार की समस्या न होने की बात कही गई।
इसके बावजूद संस्थान के निदेशक को निर्देशित किया गया कि यदि संस्थान में निवासरत किसी महिला को किसी भी प्रकार की विधिक सहायता की आवश्यकता हो तो उसका प्रार्थना पत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के कार्यालय को प्रेषित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संस्थान में स्वास्थ्य, भोजन एवं साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा श्रीमती विनीता सिंह-I द्वारा संस्थान में विधिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया तथा वहां निवासरत महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।


