बटेश्वर स्टेशन के विकास को मिली गति, डी श्रेणी से बी श्रेणी स्टेशन के रूप में होगा उन्नयन , ₹33.45 करोड़ की लागत से होगा विकास, नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य

Press Release उत्तर प्रदेश

रेल परिचालन क्षमता के साथ धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा

उत्तर मध्य रेलवे महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल में अधोसंरचना विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मंडल में रेल परिचालन की क्षमता बढ़ाने, यात्रियों की सुविधाओं में सुधार तथा सुरक्षित एवं सुगम रेल संचालन के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण अधोसंरचना कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगरा मंडल के भांडई–उदीमोड़ रेलखंड में स्थित बटेश्वर हॉल्ट स्टेशन के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वर्तमान में “डी” श्रेणी के हॉल्ट स्टेशन के रूप में संचालित बटेश्वर स्टेशन को अब “बी” श्रेणी स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना को वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृति प्रदान की गई है।
परियोजना की अनुमानित लागत ₹33.45 करोड़ है तथा इसे नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्टेशन के उन्नयन के बाद इस रेलखंड में ट्रेनों की क्रॉसिंग एवं ओवरटेकिंग की सुविधा बढ़ेगी, जिससे रेल परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
रेल परिचालन क्षमता में होगा विस्तार
बटेश्वर स्टेशन बाह और फतेहाबाद के बीच स्थित है। इसे क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित किए जाने से इस रेलखंड में ट्रेनों के संचालन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
परियोजना के अंतर्गत स्टेशन पर 750 मीटर लंबाई की दो लूप लाइनें, एक हाई लेवल प्लेटफॉर्म, स्टेशन भवन तथा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे आवश्यकता के अनुसार ट्रेनों की क्रॉसिंग एवं ओवरटेकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी तथा रेल परिचालन को अधिक बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित होगा स्टेशन
बटेश्वर स्टेशन के विकास के साथ यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। परियोजना में हाई लेवल प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पानी की टंकी, बोरवेल एवं पंप हाउस सहित आवश्यक यात्री सुविधाओं का विकास शामिल है।
दिव्यांगजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। स्टेशन को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से न्यूनतम आवश्यक यात्री सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
आधुनिक सिग्नलिंग एवं इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली
बटेश्वर स्टेशन पर आधुनिक सिग्नलिंग एवं इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी। दोनों लूप लाइनों के अनुरूप ओएचई में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक इंस्टॉलेशन, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। आधुनिक प्रणालियों की स्थापना से स्टेशन पर रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।
धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन महत्व को मिलेगा बढ़ावा
यमुना नदी के तट पर स्थित बटेश्वर धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां स्थित प्राचीन शिव मंदिरों के कारण बटेश्वर देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है।
बटेश्वर का संबंध भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्मस्थली से भी है। इसके अतिरिक्त यहां आयोजित होने वाला प्रसिद्ध बटेश्वर पशु मेला क्षेत्र की विशिष्ट पहचान है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, व्यापारी एवं पर्यटक पहुंचते हैं।
स्टेशन के विकास से बटेश्वर आने वाले यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
आगरा मंडल के अधोसंरचना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
बटेश्वर को “डी” श्रेणी के हॉल्ट स्टेशन से “बी” श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित किया जाना आगरा मंडल के अधोसंरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस परियोजना से न केवल ट्रेन क्रॉसिंग एवं ओवरटेकिंग की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि रेल परिचालन क्षमता में सुधार के साथ यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी एवं आधुनिक यात्री सुविधाएं भी प्राप्त होंगी।
यह परियोजना बटेश्वर के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन महत्व को बेहतर रेल सुविधाओं से जोड़ते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *