
आगरा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सोमवार को नगर निगम द्वारा “वेस्ट टू आर्ट” प्रतियोगिता का आयोजन त्रिवेणी गर्ल्स कॉलेज में किया गया। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता से सबका मन मोह लिया।
कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राओं ने बेकार पड़ी थर्माकोल प्लेटों को खूबसूरत और उपयोगी वस्तुओं में बदल दिया। उन्होंने आकर्षक दीवार हैंगिंग्स, पूजा की थालियां और सजावटी डिस्प्ले तैयार कर यह संदेश दिया कि “कचरा तब तक कचरा नहीं जब तक हम उसे बर्बाद न करें।”
इस संबंध में जानकारी देते हुए एस एफआई लक्की शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को थ्री आर सिद्धांत – रिड्यूस रीयूज और रीसायकल की उपयोगिता समझाना था। छात्राओं ने न केवल कचरे को कला में बदलने का कौशल दिखाया बल्कि यह भी साबित किया कि स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन को एक रचनात्मक और आनंददायक प्रक्रिया बनाया जा सकता है। नगर निगम की यह पहल समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास है, जिससे हर बच्चा और परिवार यह समझ सके कि स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक सुंदर और स्वस्थ पर्यावरण का संकल्प भी है।


