शिकायत पर सख्त हुआ नगर निगम: दयालबाग और मुगल रोड दोनों स्थानों पर कार्रवाई
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दयालबाग क्षेत्र और मुगल रोड कमलानगर पर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। दयालबाग स्थित अमर विहार पुलिस चौकी के पास पार्क की दीवार के सहारे पक्का लेंटर डालकर बनाए गए अवैध वाहन गैराज को नगर निगम ने जेसीबी से ध्वस्त करा दिया।
बीना चंद्रा द्वारा पार्क से सटी दीवार पर लेंटर डालकर एक पक्का कमरा तैयार कर लिया गया था, जिसे वाहन पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। इस अवैध निर्माण को लेकर क्षेत्रीय निवासी अनुराग शर्मा ने शिकायत की थी। निगम ने पहले मौके पर लाल निशान लगाकर निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्देश के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। अंततः नगर निगम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से गैराज को जमींदोज़ कर दिया। कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी अवधेश कुमार भी मौजूद रहे।
इसी क्रम में मुगल रोड पर घर के सामने अवैध रूप से खोखे रखे जाने की शिकायत स्मृति अग्रवाल ने की थी। सुबह हुई कार्रवाई में प्रवर्तन दल ने प्रकाश नगर निवासी फूलन देवी द्वारा लगाए गए खोखों को जेसीबी से हटवा दिया। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण, अतिक्रमण या सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
