—– कमला नगर में टास्क फोर्स की सख्त कार्रवाई, एक दर्जन से अधिक ठेले-काउंटर जब्त
आगरा। नगर निगम द्वारा निर्मित फुटपाथ को निर्माण सामग्री रखकर क्षतिग्रस्त करना और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करना कई लोगों को भारी पड़ गया। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नगर निगम की टास्क फोर्स ने शनिवार को कमला नगर मुख्य मार्केट क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाते हुए अतिक्रमणकारियों और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 41 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि एक दर्जन से अधिक ठेले, धकेल और अवैध काउंटर जब्त किए गए।
अभियान के दौरान टास्क फोर्स ने पाया कि कमला नगर मुख्य मार्केट के निकट अपने मकान में निर्माण कार्य करा रहे हरीश गुप्ता और हरीश लालवानी ने नगर निगम द्वारा बनाए गए फुटपाथ पर निर्माण सामग्री रखकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए दोनों पर मौके पर ही 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी दौरान दाऊजी मिष्ठान भंडार के संचालक द्वारा फुटपाथ पर बैरिकेडिंग कर मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री का विक्रय किया जा रहा था। सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करने के आरोप में उस पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं वी स्मार्ट मॉल के संचालक द्वारा फुटपाथ पर गमले एवं पिलर रखकर रास्ता घेरने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना किया गया।
टास्क फोर्स ने अभियान के दौरान अन्य कई दुकानदारों, ठेला एवं धकेल संचालकों के खिलाफ भी गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला। इसके अलावा सड़क और फुटपाथ पर कब्जा किए हुए एक दर्जन से अधिक ठेले, धकेल और काउंटर जब्त कर लिए गए।
नगर निगम की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास भी किया, लेकिन टास्क फोर्स की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण हटाकर फुटपाथ और सड़क को आम लोगों के आवागमन के लिए खाली कराया गया।
बताया गया कि स्थानीय नागरिकों ने कमला नगर मुख्य मार्केट में लगातार हो रहे अतिक्रमण और उसके कारण लगने वाले जाम की समस्या से नगर आयुक्त को अवगत कराया था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने यह विशेष अभियान चलाया।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:
“फुटपाथ आम नागरिकों की सुविधा के लिए बनाए जाते हैं। उन पर कब्जा करना या निर्माण सामग्री रखकर उन्हें क्षतिग्रस्त करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नागरिक नियमों का पालन करें, अन्यथा जुर्माने के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।”


