विभव नगर में जलभराव-सीवर पर निगम का एक्शन, मेट्रो से समन्वय कर होगी लाइनों की मरम्मत

Press Release उत्तर प्रदेश

—— जर्जर शौचालयों की मरम्मत को चलेगा अभियान, अतिक्रमण हटाकर खाली जमीन का होगा उपयोग

आगरा। वार्ड-98 विभव नगर में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, अतिक्रमण और बदहाल शौचालयों की शिकायतों पर नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वार्ड के स्थलीय निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुधीर कुमार ने विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। निरीक्षण के बाद सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से समाधान के निर्देश दिए गए।
सबसे गंभीर स्थिति बावड़ी क्षेत्र में मिली। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाए गए कवर्ड नाले की सफाई प्रभावित होने से यहां जलभराव की समस्या बनी रहती है। वहीं क्षतिग्रस्त सीवर लाइन के कारण दुर्गंध और गंदे पानी की समस्या भी सामने आई। महाप्रबंधक जलकल और वबाग के प्रोजेक्ट मैनेजर को संयुक्त निरीक्षण कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
वार्ड में मेट्रो निर्माण के कारण कई स्थानों पर सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने से निकासी बाधित और ओवरफ्लो की स्थिति बनी हुई है। जलकल और वबाग अधिकारियों को मेट्रो आगरा के पदाधिकारियों से समन्वय कर सीवर व्यवस्था दुरुस्त कराने को कहा गया। निर्माण स्थल पर स्थायी बैरिकेडिंग न होने पर भी नाराजगी जताई गई। असामाजिक तत्वों द्वारा स्थल के अनुचित उपयोग को देखते हुए मेट्रो से समन्वय कर स्थल को कवर्ड कराने के निर्देश दिए गए।

—– शौचालयों की बदहाली दूर करने के निर्देश

तांगा स्टैंड स्थित मूत्रालय में सफाई का अभाव मिला, जबकि पुरानी मंडी का शौचालय जर्जर हालत में पाया गया। केयरटेकर नहीं होने के कारण यहां अतिक्रमण की शिकायत भी सामने आई। शौचालय को अतिक्रमण से मुक्त कराकर उपयोगी बनाने के निर्देश दिए गए। टोरेंट पावर के ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद परिसर में पड़े सीएंडडी वेस्ट को हटाने को भी कहा गया।
पुरानी मंडी स्थित शौचालय परिसर की अतिरिक्त भूमि का बेहतर उपयोग करने के लिए आधुनिक सामुदायिक शौचालय अथवा अन्य उपयोगी परियोजना विकसित करने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।

—– अतिक्रमण हटेगा, सड़कों की होगी मरम्मत

राममूर्ति वैद्य के सामने मार्ग पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या मिली। वहीं श्यामलाल मार्ग और एनबी पुरा मार्ग पर अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित है। प्रभारी अतिक्रमण को पार्षद से समन्वय कर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मुख्य अभियंता को संबंधित मार्गों और शौचालयों की मरम्मत कराने तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया।
पार्षद ने वार्ड में पेयजल, यूरिनल और पुलिया निर्माण की जरूरत के साथ सफाई मित्रों की कमी का मुद्दा भी उठाया। अधिकारियों को इन समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी जेड एस ओ योगेंद्र कुशवाहा भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *