विश्व योग दिवस सप्ताह का आगाज, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

Press Release उत्तर प्रदेश

—– योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, नगर निगम के सभी जोनों में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम

आगरा। नगर निगम द्वारा आगामी विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताहव्यापी योग कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगर निगम मुख्यालय सहित विभिन्न जोनों में योग सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील की।
विश्व योग दिवस सप्ताह के अंतर्गत नगर निगम के सभी जोनों में संबंधित जोनल स्वच्छता अधिकारियों (जेडएसओ) के नेतृत्व में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों द्वारा नियमित योगाभ्यास के लाभों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योग कर स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के महत्व को समझा तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। नगर निगम प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर योग से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक विश्व योग दिवस अभियान से जुड़ सकें।
उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों और नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *