अवैध पार्किंग पर निगम सख्त: सड़क किनारे वाहन खड़े किए तो सीधे होगा जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

शाह मार्केट में चला निगम का अभियान, दुकानदारों को भी दी सख्त चेतावनी

आगरा। शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अवैध पार्किंग की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अब सख्त मोड में आ गया है। नगर निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ अब सीधे जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान आरआई शिप्रा गुप्ता और अवर अभियंता ट्रैफिक हरी ओम के नेतृत्व में शाह मार्केट क्षेत्र में रास्ता घेरकर खड़े वाहनों को हटवाया गया। टीम द्वारा दुकानदारों और वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई कि वे अपनी दुकान के आगे अवैध रूप से पार्किंग न होने दें और ग्राहकों को प्रोत्साहित करें कि वे नगर निगम की अधिकृत पार्किंग में ही वाहन खड़े करें।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम सीमाओं में किसी भी स्थान पर अवैध पार्किंग संचालित नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अपनी गाड़ी को अधिकृत पार्किंग के बजाय सड़क पर या बाजारों में अवैध रूप से खड़ा करता पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग के चलते जाम की स्थिति बनती है, जिससे यातायात और राहगीरों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ती है।

—नगर आयुक्त का वर्जन

नगर निगम द्वारा शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। अधिकृत पार्किंग के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करने पर संबंधित व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील है कि वे नियमों का पालन करें और शहर के यातायात को अवरुद्ध होने से बचाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *