सोना नगर नाला पुलिया का निर्माण पूरा ,खत्म होगी जलभराव की समस्या

Press Release उत्तर प्रदेश

— नई पुलिया से सुधरेगी जलनिकासी, बारिश में लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

आगरा। सोना नगर, केबी नगर क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव की समस्या का कारण बनी पुलिया का निर्माण कार्य अब लगभग पूरा हो गया है। पुलिया पर आज देर शाम सरियों का जाल डालकर अंतिम लेंटर डालने का कार्य भी पूरा हो गया। नई पुलिया के तैयार होने से क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होने और बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। पुलिया के निर्माण से नाले के पानी की निकासी सुचारु होगी और आवागमन में भी लोगों को सहूलियत मिलेगी।
पचास साल से भी अधिक पुरानी सोना नगर नाले की पुलिया बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो जाने की वजह से यहां पर ठीक से सफाई नहीं हो पा रही थी। इसके कारण पुलिया के आसपास लंबे समय से जलनिकासी को लेकर समस्या बनी हुई थी। इस नाले से धनौली से खेरिया मोड़,सोना नगर,मधुवन कालोनी और खबास पुरा तक का पानी गुजरता है। बारिश के दौरान नाले का जलस्तर बढ़ने और निकासी प्रभावित होने से आसपास के मार्गों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती थी। इससे स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। पुलिया के निर्माण के बाद अब पानी के प्रवाह को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि क्षेत्र में नाले की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर नगर निगम पहले भी कार्रवाई करता रहा है। जून 2025 में सोना नगर नाले की पुलिया के आसपास सफाई का कार्य स्थानीय विरोध के कारण प्रभावित हुआ था, जिसके बाद प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और नाले की सफाई शुरू कराई थी।
सोना नगर पुलिया क्षेत्र में सुरक्षा का मुद्दा भी सामने आ चुका है। मार्च 2025 में यहां नाले में गिरने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। हादसे के बाद नाले के किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया गया था।
नई पुलिया का निर्माण पूरा होने के बाद अब सबसे बड़ा फायदा जलनिकासी व्यवस्था को मिलने की उम्मीद है। बारिश के दौरान पानी के रुकने की समस्या कम होने से सोना नगर और आसपास के इलाकों के लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही पुलिया से होकर गुजरने वाले लोगों का आवागमन भी पहले की अपेक्षा सुगम होगा।
वर्जन —-

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि नगर निगम की ओर से जलभराव वाले क्षेत्रों में नालों की सफाई, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और आवश्यकतानुसार पुलिया एवं अन्य संरचनाओं को बेहतर करने पर जोर दिया जा रहा है। सोना नगर पुलिया का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *