नगर निगम सदन बैठक में साजिश का खुलासा, संदिग्धों की एंट्री से मचा हड़कंप

Press Release उत्तर प्रदेश

23 मार्च की बैठक में बवाल की थी तैयारी, सी सी टी वी में संदिग्ध चेहरे चिन्हित, दी गई तहरीर

आगरा। 23 मार्च को नगर निगम आगरा की प्रस्तावित सदन बैठक को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। बैठक के दौरान 10 से 15 संदिग्ध और अज्ञात लोगों की एंट्री हुई थी, जिनके बारे में आशंका जताई जा रही है कि वे किसी प्रकार के उपद्रव की योजना के तहत वहां पहुंचे थे।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार इन संदिग्ध लोगों के पास हथियार होने के भी संकेत मिले हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इस एंगल से भी जांच में जुट गई हैं। नगर निगम प्रशासन द्वारा बैठक स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें कई संदिग्ध चेहरों की पहचान किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
कहा गया है कि इन बाहरी लोगों को विशेष रूप से बैठक के दौरान बवाल कराने के लिए बुलाया गया था। लेकिन अधिकारियों और जिम्मेदार पदाधिकारियों के समय पर बैठक में नहीं पहुंचने के कारण कथित साजिश पूरी तरह से नाकाम हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद नगर निगम प्रशासन सतर्क हो गया है। इस मामले में थाना हरी पर्वत में सहायक अभियंता जीवेक की ओर से तहरीर दी गई है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा रही है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *