आगरा में भारतीय महिला हाकी का भविष्य संवारने में कोई कसर नहीं छोड़ रहीं अर्जुन अवार्डी, पदमश्री और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्डी भारतीय महिला हाकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल

एल एस बघेल, आगरा, 18 नवंबर। ताजनगरी आगरा में भारतीय महिला हाकी का भविष्य संवारने में कोई कसर नहीं छोड़ रहीं अर्जुन अवार्डी, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्डी और पदमश्री से सम्मानित भारतीय महिला हाकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल। इजिप्ट में अगले माह होने वाले अंडर-18 वर्ल्ड कप फाइव-ए-साइड के लिये भारतीय हाकी टीम का प्रशिक्षण शिविर आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में लगा है। यह शिविर 10 नवंबर से शुरू होकर तीन दिसंबर तक चलेगा।
इस कैंप में झारखंड,उड़ीसा, हरियाणा,पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों की 15 खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। इनमें से 10 खिलाड़ियों का चयन अंडर-18 वर्ल्ड कप में जाने वाली भारतीय टीम में होना है। इसके लिये मुख्य चयनकर्ता एवं उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक आर पी सिंह समेत पूरी चयन समिति आगरा आएगी। वह अगले शुक्रवार तक आगरा पहुंचेगी। इसके पश्चात जो दस खिलाड़ी चुनीं जाएंगी, उनको भी यहीं कोचिंग दी जाएगी।
भारत के लिये नई चैंपियन तैयार करने में भारतीय महिला हाकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। प्रातःकाल 6 बजे वे एकलव्य स्टेडियम के हाकी एस्ट्रोटर्फ पर पहुंच जाती हैं। इसके पश्चात 8.30 बजे तक लगातार मैदान पर खड़े होकर वे एक-एक खिलाड़ी को नाम से पुकार कर बताती है कि उसको अब कहां और कैसे अपने खेल में सुधार लाना है। इसके पश्चात आधा-एक घंटे तक कैंप की फिजियो मैत्री तथा कंडीशनिंग कोच खिलाड़ियों को फिटनैस के बारे में बताती हैं। शाम को फिर 3.00 बजे से 6.00 बजे तक कैंप की ट्रेनियों को मुख्य कोच द्वारा ट्रेनिंग दी जाती है। इनके सहायक कोच प्रबल पांडे भी कोचिंग में पूरी मेहनत से जुटे हुए हैं।
भारतीय महिला हाकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल की गौरव गाथा बहुत लंबी है। उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को 2017 में एशिया कप चैंपियन बनाया, 2018 के एशियाई खेलों में भारत को रजत पदक दिलाया। 2021 में एशियन चैंपियंस ट्राफी का गौरव और फिर 2020 के टोकियो ओलंपिक में आस्ट्रेलिया जैसी ताकतवर टीम को हराकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। इसमें भारत को भले ही पदक नहीं मिला लेकिन चौथा स्थान भारत के लिये एक पदक के बराबर ही था। उनकी उपलब्धियों को देश ने सलाम किया। अर्जुन पुरस्कार, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड और फिर पदमश्री से सम्मानित किया। 2024 में अंतरराष्ट्रीय हाकी को अलविदा कहने के पश्चात भारतीय हाकी की नई पीढ़ी को संवारने के काम में वे आज तक लगी हुई हैं।
आगरा की व्यवस्थाओं से खुश हैं मुख्य कोच
अंडर-18 भारतीय महिला हाकी कैंप के दौरान ताजनगरी आगरा में की गयी व्यवस्थाओं से मुख्य कोच रानी रामपाल खुश हैं। उन्होंने कहा कि यहां रहने, खाने की व्यवस्था अच्छी है। आगरा में वर्ष 2018 में भी यूथ ओलंपिक टीम का शिविर लगा था। शिविर की खिलाड़ियों के लिये स्टेडियम में ही खानपान की व्यवस्था संयोजक राजीव सोई द्वारा की गयी है। इसमें स्टेडियम कोच विनय कुमार, अजय राजपूत का भी सहयोग रहता है। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के ठहरने के लिये होटल भी नजदीक ही लिया गया है। इसलिये सभी खिलाड़ी यहां की व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं।


