एकलव्य स्टेडियम में प्रदेशीय सब-जूनियर बालिका फुटबाल शिविर में कड़ी मेहनत करा रहे प्रशिक्षक डे

Exclusive SPORTS

आगरा, 26 नवंबर। आगरा के एकलव्य स्टेडियम में चल रहे प्रदेशीय सब-जूनियर बालिका फुटबाल शिविर में कोच द्वारा खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत करायी जा रही है। ये कोच पश्चिम बंगाल से आये मौलिक कुमार डे हैं। जिनको उत्तर प्रदेश फुटबाल संघ द्वारा अपनी टीम को प्रशिक्षण देने के लिये नियुक्त किया गया है। खेल निदेशालय द्वारा उत्तर प्रदेश फुटबाल संघ के समन्वय से शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह कैंप विगत 24 नवंबर से पांच-छह दिसंबर तक चलेगा। शिविर में प्रदेश भर की 30 बालिकाओं को कड़ा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सुबह लगभग 6 बजे से नौ बजे तक तथा शाम की पाली में भी कम से कम तीन घंटे तक इन बालिकाओं को कड़ी मेहनत करायी जा रही है। गुरुवार को सुबह की पाली में इन प्रशिक्षुओं को गोल करने और गोलकीपर को गोलरोकने का प्रशिक्षण मुख्य प्रशिक्षक द्वारा दिया जा रहा था। इसके अलावा फिजीकल ट्रेनिंग भी करायी जाती है। इन खिलाड़ियों के रहने,खाने की व्यवस्था स्टेडियम के हास्टल में ही की गयी है।
इसके पश्चात टीम का चयन होगा और जो खिलाड़ी उत्तर प्रदेश की टीम में चुनी जाएंगी, वे नेशनल सब-जूनियर फुटबाल टूर्नामेंट खेलने के लिये गुवाहाटी 8 दिसंबर को जाएंगी। आगरा फुटबाल संघ के अध्यक्ष बिल्लू चौहान ने बताया कि 10 दिसंबर को यूपी की सब जूनियर बालिका फुटबाल टीम को गुवाहाटी में रिपोर्टिंग करनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *