
—–जिम्मेदारों से नगर आयुक्त ने लिए लगातार अपडेट
—-रात में परखी गई लाइटिंग और साफ-सफाई व्यवस्था
आगरा। मोहर्रम के अवसर पर नगर निगम प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों में जुटा रहा। शनिवार को नगर निगम की टीमों ने दिनभर मोहर्रम जुलूस मार्गों पर सफाई, गड्ढा मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया। बरसात के कारण जिन स्थानों पर सड़क पर गड्ढे हो गए थे, वहां जीएसटी (ग्रेन्युलर सब-बेस) डालकर उन्हें भरा गया ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल स्वयं पूरे अभियान पर नजर बनाए रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से लगातार अपडेट लेते हुए निर्देश दिए कि साफ-सफाई, फॉगिंग और प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। जुलूस मार्गों की सफाई के साथ-साथ नालियों की भी सफाई कराई गई ताकि बरसात होने पर जलभराव जैसी स्थिति न उत्पन्न हो।
शाम ढलते ही नगर निगम के अधिकारियों की टीमों ने रूट पर लाइटिंग सिस्टम की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि सभी पोल और लाइटें सुचारु रूप से कार्य कर रही हैं। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें चालू रहें और जहां जरूरत हो वहां अस्थायी लाइट्स भी लगाई जाएं।


