मस्ता की बगीची से लंगड़े की चौकी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान, दर्जनों तख्त-काउंटर और टिन शेड ध्वस्त

Press Release उत्तर प्रदेश

 

फुटपाथों पर कब्जा करने वालों पर कहर बनकर टूटा नगर निगम का बुलडोजर, हड़कंप

 

आगरा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम की टास्क फोर्स ने मस्ता की बगीची रतनपुरा से लंगड़े की चौकी तक व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथों पर कब्जा कर व्यापार करने वाले कारोबारियों पर नगर निगम का बुलडोजर कहर बनकर टूटा। कार्रवाई के दौरान दर्जनों तख्त, काउंटर, टिन शेड, खोखे और ठेलों को हटाकर नष्ट किया गया तथा बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया।
नगर निगम की कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई कारोबारियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया और बुलडोजर के आगे खड़े होकर अभियान को रोकने का प्रयास किया। हालांकि टास्क फोर्स और निगम अधिकारियों की सख्ती के चलते विरोध कर रहे लोगों की एक नहीं चली और अभियान निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहा।
अभियान का नेतृत्व कर रहे जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ) आशुतोष वर्मा ने बताया कि सड़क और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण के कारण नाले-नालियों की नियमित सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था। साथ ही सड़क की चौड़ाई कम होने से यातायात व्यवस्था भी बाधित हो रही थी, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नगर निगम द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकारियों को कई बार चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसी के चलते यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में दोबारा फुटपाथ या सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर व्यापार किया गया तो सामान जब्त करने के साथ ही नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
उधर, नगर निगम की टास्क फोर्स ने ट्रांस यमुना कॉलोनी के बालाजी पुरम क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए फुटपाथ पर घरों के सामने बनाए गए अवैध रैंप ध्वस्त कर दिए। अधिकारियों के अनुसार इन रैंपों के कारण नगर निगम द्वारा कराया जा रहा खड़ंजा निर्माण कार्य बाधित हो रहा था। रैंप हटने के बाद निर्माण कार्य को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा यातायात व्यवस्था और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

वर्जन :

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि सार्वजनिक मार्ग, फुटपाथ और नालों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण के कारण न केवल स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि यातायात और विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न होती है। नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाकर ऐसे अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है। नागरिकों से अपील है कि वे स्वयं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखें और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *