त्योहारी सीजन में बिना अनुमति विज्ञापन करने वाले कारोबारी नगर निगम के रडार पर

Press Release उत्तर प्रदेश

— बिना अनुमति लगाये गये विज्ञापन पटों को हटवाया
—– कारोबारी नगर निगम से परमीशन लेकर ही लगाएं विज्ञापन पट

आगरा। त्योहारों के मौसम में कारोबारियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों के सामने बड़े-बड़े बोर्ड, होर्डिंग और द्वार लगाकर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। लेकिन नगर निगम की अनुमति लिए बिना लगाये गये ऐसे विज्ञापन अब व्यापारियों पर भारी पड़ने लगे हैं। शनिवार को नगर निगम प्रशासन ने बिना अनुमति लगाये गये विज्ञापनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें जब्त कर लिया। इस दौरान कारोबारियों के साथ निगम टीम की तीखी नोंकझोंक भी हुई।
नगर निगम की टीम ने सुपरवाइजर विमलेश के नेतृत्व में मंगलवार को संजय प्लेस आदि सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। नगर निगम की अनुमति के बिना लगाएं गये गेट और विज्ञापन पट निगम की टीम ने हटवा दिये।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि कोई भी व्यापारी यदि त्योहारों के दौरान विज्ञापन के लिए गेट या बोर्ड लगाना चाहता है तो उसे पहले नगर निगम से अनुमति लेनी होगी। इसके लिए निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति लगाये गये विज्ञापन पटों और गेटों को जब्त कर लिया जाएगा और संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बिना लाइट वाले विज्ञापन के लिए 34.84 रुपये प्रति वर्ग फुट और लाइट युक्त विज्ञापन के लिए 55.74 रुपये प्रति वर्ग फुट शुल्क निर्धारित किया गया है। निगम प्रशासन ने कारोबारियों से अपील की है कि वे निर्धारित शुल्क जमा कर ही विज्ञापन करें, जिससे उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
त्योहारी सीजन में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहरभर में निगम की टीमें सघन जांच कर अवैध विज्ञापनों को हटवाती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *