
—– नगर निगम द्वारा तीसरे चरण के अभियान में 80 हजार से अधिक कुत्तों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है
आगरा। आगरा को रैबीज मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे ‘रैबीज फ्री आगरा अभियान’ के तहत लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज वार्ड संख्या 74, सिकंदरा क्षेत्र के अंतर्गत राधा नगर, कैलाश मंदिर और उदयपुरम क्षेत्रों में लगभग ढाई सौ कुत्तों को रैबीज वैक्सीन लगाई गई।
नगर निगम की पशु चिकित्सा टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से गली-मोहल्लों में अभियान चलाकर निराश्रित एवं पालतू कुत्तों का टीकाकरण किया। टीकाकरण के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया, जिससे न केवल कुत्तों को रैबीज से बचाया जा सके बल्कि आमजन को भी इस घातक बीमारी के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा रैबीज फ्री आगरा अभियान के तीसरे चरण में शहर भर में 80 हजार से अधिक कुत्तों को रैबीज वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान को चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में चलाया जा रहा है, ताकि आगरा को पूरी तरह रैबीज मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे इस अभियान में नगर निगम का सहयोग करें और टीकाकरण टीम को अपने क्षेत्रों में कार्य करने में सहायता दें। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि सामूहिक प्रयासों से ही रैबीज जैसी जानलेवा बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।नगर निगम का यह अभियान न केवल पशु कल्याण की दिशा में अहम है, बल्कि यह जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए भी एक मजबूत पहल साबित हो रहा है।


