
आगरा, 28 सितंबर 2026: शारदा वर्ल्ड स्कूल, आगरा में चल रहे भारतीय लैक्रोस टीमों के हाई-परफॉर्मेंस कोचिंग कैंप के तहत आज ऑस्ट्रेलिया की इंटरनेशनल लैक्रोस कोच नताशा रूनी कैंप में शामिल हुईं। उन्होंने विशेष अतिथि अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक के रूप में भारतीय खिलाड़ियों का प्रैक्टिस एवं प्रशिक्षण सत्र संचालित किया।
नताशा रूनी ने खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करते हुए एडवांस लैक्रोस स्किल्स, गेम सिचुएशन, टैक्टिकल अंडरस्टैंडिंग, मूवमेंट, पासिंग, डिफेंसिव तकनीक और टीम कोऑर्डिनेशन पर विशेष प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव और विशेषज्ञता के माध्यम से खिलाड़ियों को उच्च स्तर के खेल की बारीकियों से अवगत कराया।
भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचिंग अनुभव का लाभ उठाया। यह सत्र एशिया पैसिफिक सिक्सेस लैक्रोस चैंपियनशिप, सनशाइन कोस्ट, ऑस्ट्रेलिया की तैयारियों तथा लैक्रोस ओलंपिक पाथवे के तहत खिलाड़ियों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
यह हाई-परफॉर्मेंस कैंप 26 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक शारदा वर्ल्ड स्कूल में आयोजित किया जा रहा है और लैक्रोस एसोसिएशन ऑफ इंडिया (LAI) के CEO श्री तौसीफ अहमद लारी के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है।
टीम कोच शकील खान, नीरज बत्रा और फ्रांसिस कैंप के दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी, रणनीतिक एवं शारीरिक तैयारी पर लगातार कार्य कर रहे हैं।
स्कूल नेतृत्व की ओर से भी कैंप को पूर्ण सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है। हेड ऑफ स्कूल श्री सत्यकी बनर्जी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी तैयारियों के बारे में जानकारी ली और उन्हें अनुशासन, एकाग्रता एवं समर्पण के साथ देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया।
नताशा रूनी का यह विशेष प्रशिक्षण सत्र खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग, तकनीकी मार्गदर्शन और खेल का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।


