कोई भी बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर एवं सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति बीएसए की अनुमति के बिना परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश कर फोटो/वीडियोग्राफी नहीं करेगा

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। प्रायः यह देखा जा रहा है कि कुछ बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर एवं अन्य अनाधिकृत रूप से जनपद आगरा के परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश कर विद्यालय एवं स्टाफ के फोटो एवं वीडियो खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। जिससे विद्यालय में पठन-पाठन कार्य प्रभावित होता है एवं शिक्षक पद की गरिमा को ठेस पहुंचने के साथ-साथ विभाग की छवि भी धूमिल होती है। शासन-प्रशासन द्वारा परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण हेतु पूर्व से ही अधिकारी नामित किए गए हैं, जिनके द्वारा समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण/अनुश्रवण किया जाता है एवं उक्त के आधार पर विद्यालयों मे व्यवस्थाएं दुरुस्त किए जाने हेतु नियमानुसार कार्यवाही भी की जाती है।
अतः परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य को सुचारू रूप से संचालित किए जाने एवं शिक्षक पद की गरिमा को बनाए रखने के दृष्टिगत जनपद आगरा के समस्त परिषदीय विद्यालयों में ऐसे समस्त बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश तत्काल प्रभाव से वर्जित किया जाता है। कोई भी बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर एवं सोशल मीडिया से जुड़ा कोई भी व्यक्ति अधोहस्ताक्षरी अथवा सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश कर फोटो/वीडियोग्राफी नहीं करेगा। उक्त आदेश तत्काल रूप से प्रभावी होगा। इस आशय का आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आगरा डा० राकेश सिंह द्वारा जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *