
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम की टीम ने चलाया जागरूकता अभियान
आगरा। नगर निगम आगरा द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज छत्ता जोन के अंतर्गत वार्ड संख्या एक स्थित बिजली घर चौराहा पर नगर निगम की टीम द्वारा एंटी प्लास्टिक ड्राइव चलाई गई।
अभियान के दौरान टीम ने क्षेत्र के दुकानदारों और ठेले वालों को सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे किसी भी स्थिति में पॉलीथिन का उपयोग न करें और न ही ग्राहकों को दें। टीम द्वारा बताया गया कि प्लास्टिक पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत हानिकारक है।
नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को कपड़े के थैले और जूट के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया तथा अपील की कि वे स्वयं भी प्लास्टिक का प्रयोग न करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संकल्प भी लिया।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—–नगर आयुक्त का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि “सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू करना नगर निगम की प्राथमिकता है। जागरूकता के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है।”
