बरसात से पूर्व होगी शहर के सभी नालों की मुकम्मल सफाई

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नगर आयुक्त और छावनी क्षेत्र विधायक जीएस धर्मेश ने किया नालों का संयुक्त निरीक्षण, जलनिकासी सुधारने के दिए निर्देश

आगरा। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने छावनी क्षेत्र के विधायक जी एस धर्मेश के साथ शनिवार को ताजगंज जोन के विभिन्न क्षेत्रों में नालों और सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड-88, वार्ड-89, वार्ड-98, पुलिस लाइन एवं जगनेर रोड क्षेत्र के नालों की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी संजीव वर्मा , सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, एक्स ई एन दीपांकर सिंह,अवर अभियंता कृष्ण गोपाल क्षेत्रीय एसएफआई योगेंद्र कुशवाहा तथा क्षेत्रीय सुधीर राठौर, आशीष सिंह राकेश कन्नौजिया पार्षद आदि भी मौजूद रहे।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड-98 स्थित बावड़ी बस्ती क्षेत्र से हुई। यहां क्षेत्रीय पार्षद ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि मेट्रो पुल निर्माण के दौरान क्षेत्र का पुराना नाला क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण इलाके में जलनिकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है। बताया गया कि नाला निर्माण के लिए तीन बार टेंडर जारी किए जा चुके हैं, लेकिन किसी भी फर्म ने कार्य में रुचि नहीं दिखाई। इसके चलते क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या लगातार बनी हुई है।
नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता निर्माण को निर्देश दिए कि नाले के निर्माण के लिए नया एस्टीमेट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मेट्रो पुल के नीचे दोनों ओर यूरिनल निर्माण कराने के भी निर्देश दिए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर उच्च स्तरीय सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद नगर आयुक्त और विधायक ने पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित नाले का निरीक्षण किया। विधायक जीएस धर्मेश ने बताया कि क्षेत्र में रेलवे लाइन और पुलिस कमिश्नर आवास होने के कारण यह इलाका संवेदनशील है। रेलवे विभाग द्वारा यहां आरओबी प्रस्तावित है, लेकिन नाला निर्माण लंबित होने के कारण पुलिस विभाग से एनओसी मिलने में देरी हो रही है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में नाला कच्चा है, लेकिन अभी जलभराव की समस्या नहीं है। इस पर नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता को नाले के निर्माण संबंधी एस्टीमेट तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जगनेर रोड क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी आशाराम ने शिकायत की कि नगला सोहल्ला क्षेत्र में नाला निर्माण के बाद सड़क का स्तर अधिक ऊंचा कर दिया गया है, जिससे उनके मकान के सामने पानी भरने लगा है। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि क्षेत्रीय नागरिकों से समन्वय कर भूमि का समतलीकरण कराया जाए और समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। जगनेर रोड क्षेत्र की नालियों का पानी जिस तालाब में एकत्रित होता है, वहां पुलिया निर्माण कराने तथा आसपास की गलियों को निकटवर्ती नाले से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर में जलनिकासी और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। बरसात से पहले सभी नालों की सफाई और आवश्यक निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाएंगे, जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *