भाजपा सरकार पर जमकर बरसे अखिलेश यादव, बोले- अगर 400 जीत गए तो खेत में उगने वाली चीज उद्योगपतियों के हवाले कर देंगे…

Politics

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार बिजनौर में चुनावी जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 2024 का चुनाव विशेष परिस्थितियों में होने जा रहा है जहां एक तरफ संविधान से देश चलाने वाले लोग हैं, तो दूसरी तरफ वो ताकतें दिखाई दे रही हैं जो संविधान से दी गई एक-एक ताकतें हमसे छीन रही है। इस बार संविधान मंथन होने जा रहा है।

उन्होंने कहा, पूरे देश के किसान दिल्ली पर बैठ गए थे, सालों साल किसान धरने पर बैठे रहे। वो मांग कर रहे थे कि एमएसपी चाहिए, तीनों काले कानून हमें नहीं चाहिए। तब आपने देखा कैसे फोर्स लगा दी, कील लगा दी बार्डर पर किसान गर्मी सर्दी बरसात में बैठे रहे। साथ ही कहा, सोचिए कभी ये लोग जो 400 पार का नारा दे रहे हैं, अगर 400 जीत गए तो काले कानून लागू होंगे कि नहीं होंगे? अगर 400 जीत गई तो हमारी आपकी खेती और खेत में उगने वाली चीज ये बड़े-बड़े उद्योगपतियों के हवाले कर देंगे।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, हमने आपने ऐसे पढ़ा है ‘INDIA’ इंडिया होता है। बीजेपी वाले बताओ क्या पढ़ते हैं, वो कहते हैं इंडी गठबंधन, सोचिए जो लोग इंडिया गठबंधन नहीं पढ़ पा रहा हैं उन्हें इस चुनाव में कौन वोट देगा। साथ ही कहा, इन्हीं के आंकड़े बताते हैं कि 10 साल में एक लाख किसानों ने आत्महत्या की है। जहां किसान दु:खी है, नाराज है वहीं ये सरकार हमारे नौजवानों के साथ, उनके भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि, परीक्षा का पेपर लीक हुआ है, सोचिए जो सरकार दावा करती थी कि पेपर लीक नहीं हो सकता है, हम वर्ल्ड क्लास इंतजाम करा रहे हैं, पुलिस भर्ती का पेपर लीक नहीं होगा। पेपर लीक हुआ कि नहीं हुआ? हमने तो गणित बताया छात्र नौजवानों वाला, आप भी समझिए, अगर 60 लाख बच्चों के पेपर लीक हुए हैं तो उनके माता पिता को गिन लें, तो 1 करोड़ 80 लाख लोग बनते हैं और यही एक करोड़ 80 लाख का भाग हम 80 सीटों से कर दें तो हर सीट पर बीजेपी के दो लाख 25 हजार वोट कम हुए हैं।

इसके साथ ही कहा, हमारे आपके अधिकार छीने जा रहे हैं, बड़े-बड़े विधायक जो चुनकर के गए उन्हें भी लालच देकर के कर लिया अपनी तरफ। आपने अपने वोट से जिताया था, वो हमें धोखा देकर नहीं गए आपको धोखा देकर गए।

-एजेंसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *