
26 जनवरी 2018 को शुरू हुआ था अजीतनगर बाजार कमेटी का ध्वजारोहण समारोह, 15 अप्रैल 2026 को पूरा किया 3000 दिन का सफर
देश-विदेश के तमाम दिग्गजों ने यहां आकर भारतीय ध्वज को दी सलामी
आगरा, 15 अप्रैल। देशभक्ति के जज्बे का एक दीप जो जलाया वह आज मील का पत्थर साबित हुआ है। ये जज्बा है अंतरराष्ट्रीय शहर आगरा के एक कोने में स्थित अजीत नगरबाजार कमेटी का। यहां के तिरंगा चौक पर ध्वजारोहण का यह दीप 26 जनवरी 2018 को जलाया गया था। जो कि तमाम झंझावातों के बावजूद आज 15 अप्रैल 2026 को पूरे तीन हजारवें दिन शान से फहराया गया। इसका श्रेय वैसे तो पूरी अजीतनगर बाजार कमेटी को जाता है लेकिन इसके असली नायक राजेश यादव हैं, जिन्होंने अपनी माताजी की अर्थी को कंधा बाद में दिया पहले देश के ध्वज को सलामी दी। देशभक्ति के जज्बे का इससे बड़ा और क्या उदाहरण हो सकता है।
बुधवार को बाजार कमेटी के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने तिरंगा चौक के विकास, स्वच्छता एवं सामाजिक एकता को बनाए रखने के लिए अपने संकल्प को दोहराया। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि तिरंगा चौक पिछले 3000 दिनों से निरंतर शहर की पहचान और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है।
इस अवसर पर देशभक्ति के गीतों, स्वागत भाषण एवं सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नागरिकों एवं सक्रिय सदस्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी तिरंगा चौक को और अधिक विकसित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। अंत में सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया और राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया गया।
आगरा के इस ध्वजारोहण समारोह ने देश -विदेश में अपनी पहचान बनायी है। नेल्सन मंडेला अवार्ड, भारत गौरव सम्मान समेत कमेटी को 8 अंतरराष्ट्रीय और पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों समेत कुल लगभग 150 अवार्ड इस तीन हजार दिन की यात्रा में मिल चुके हैं। मुंबई, दिल्ली समेत देश के कई शहरों में ध्वजारोहण कमेटी को बुलाकर सम्मानित भी किया जा चुका है। कई राजनीतिक हस्तियों के अलावा ओलंपियन खिलाड़ी जगबीर सिंह, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर दीप्ती शर्मा, पूनम यादव , वेटरन क्रिकेटर विश्वनाथ के अलावा फिल्मी हस्तियां और नौकरशाह यहां आकर भारतीय ध्वज को सलामी दे चुके हैं। जनप्रितिनिधियों में मेयर श्रीमती हेमलता दिवाकर, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, सांसद नवीन जैन, सांसद रामजीलाल सुमन, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, विधायकगण, डा. जी एसधर्मेश. चौ. बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे आदि प्रमुख हैं।


