आगरा पुलिस का ‘डबल स्ट्राइक’: मलपुरा में तमंचे के साथ दो गिरफ्तार, किरावली में चोरी की बाइक और बैटरी समेत शातिर दबोचा

Crime

आगरा। जिले में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और चोरी के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

मलपुरा में हथियारों के साथ गिरफ्तारी

मलपुरा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो युवकों को अवैध हथियारों सहित पकड़ा। भांडई रेलवे पुल के पास से रामकुमार को एक तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अवैध हथियारों के लेन-देन में रोहित का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे नगला दौलतिया रेलवे पुल के पास से तमंचा और कारतूस सहित दबोच लिया। दोनों को कोर्ट में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।

किरावली में चोरी का खुलासा

किरावली थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने चोरी की वारदातों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर श्याम उर्फ अंकित पुत्र हरिओम, निवासी पुरानी गल्ला मंडी, किरावली को पकड़ा गया। उसके पास से चोरी की एक बैटरी, एक अपाचे बाइक और घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक बरामद हुई।

पूछताछ में सामने आया कि श्याम ने अपने साथियों अमित उर्फ घंटोली और अर्जुन पंडित के साथ मिलकर हाल में दो चोरी की घटनाएं की थीं। दोनों सह-आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियार और चोरी के मामलों में सख्ती जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *