आगरा। आईडब्ल्यूएल-2 चैंपियन होप्स टीम की खिलाड़ी श्रुति जादौन के आगरा पहुंचने पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा और आगरा फुटबाल संघ के अध्यक्ष बिल्लू चौहान ने स्वागत किया। उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आरएसओ ने मेडल पहनाकर अभिनंदन कर खिलाड़ी की हौसला आफजाई की।
भारतीय महिला फुटबॉल के मंच पर हॉप्स एफसी दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईडब्ल्यूएल-2 (Indian Women’s League 2) 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया। पूरी प्रतियोगिता में टीम ने अनुशासित खेल, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन टीमवर्क का अद्भुत प्रदर्शन किया।ग्रुप चरण में हॉप्स एफसी ने अपने सभी चार मुकाबले जीतकर खिताब की मजबूत दावेदारी पेश की। इस दौरान टीम ने केवल एक गोल खाया, जो उनके मजबूत रक्षण की गवाही देता है।
ग्रुप चरण के परिणाम
* 22 मार्च 2026 — हॉप्स एफसी 1-0 कासा गर्ल्स (त्रिशूर)
* 24 मार्च 2026 — डीकेआर 0-1 हॉप्स एफसी (त्रिशूर)
* 28 मार्च 2026 — हॉप्स एफसी 2-0 केरल यूनाइटेड (त्रिशूर)
* 30 मार्च 2026 — क्रीड़ा प्रबोधिनी 1-2 हॉप्स एफसी (त्रिशूर)
फाइनल राउंड में टीम ने और भी दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीते तथा एक भी गोल नहीं खाया।
फाइनल राउंड के परिणाम
* 2 मई 2026 — हॉप्स एफसी 3-0 क्रीड़ा प्रबोधिनी (बेंगलुरु)
* 4 मई 2026 — हॉप्स एफसी 2-0 मुंबई नाइट्स (बेंगलुरु)
* 6 मई 2026 — सुरुचि संघ 0-1 हॉप्स एफसी (बेंगलुरु)
* 8 मई 2026 — हॉप्स एफसी 1-0 केम्प (बेंगलुरु)
* 10 मई 2026 — जुबा संघ 0-1 हॉप्स एफसी (बेंगलुरु)
इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे क्लब के मालिक संजय यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही उर्मिला, नरेश, विजय मित्तल, अरुण यादव और मनोज कुमार ने भी टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
टीम के मुख्य कोच सोनिका विजरनिया, कोच रवि पुनिया, टीम मैनेजर रेणु सिंधु, टेक्निकल हेड अश्विनी, कोच सुनील, कोच गौरव पासवान, कोच नरेंद्र, कृष्ण मुरारी तथा फिजियो कनिका भारद्वाज और अर्चना गोस्वामी का योगदान भी सराहनीय रहा।
उत्तर प्रदेश टीम के मुख्य कोच रवि पुनिया ने 2025-26 सत्र में भी शानदार उपलब्धियां हासिल कीं। उनके मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश टीम ने अंडर-14 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, अंडर-17 में रजत पदक तथा सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता।
हॉप्स एफसी की इस विजेता टीम में आगरा फुटबॉल अकादमी के 15 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आगरा की श्रुति जादौन तथा उत्तर प्रदेश की हीना खातून ने भी टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिससे आगरा और उत्तर प्रदेश फुटबॉल के लिए यह गर्व का क्षण बन गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के सचिव मोहम्मद शाहिद तथा आगरा फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष बिल्लू चौहान ने टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत उत्तर प्रदेश और आगरा फुटबॉल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
हॉप्स एफसी दिल्ली की यह सफलता भारतीय महिला फुटबॉल में नई प्रेरणा बनकर उभरी है और आने वाले समय में युवा खिलाड़ियों के लिए मिसाल साबित होगी।


