Agra News: ड्यूटी पर तैनात थे दरोगा, पीछे से चोरों ने घर खंगालकर उड़ाए लाखों के जेवर

Crime

आगरा: ताजनगरी के ट्रांस यमुना कॉलोनी (फेस-2) में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब पुलिस वाले भी सुरक्षित नहीं हैं। ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-2 में थाना छत्ता से जुड़े एक दरोगा के किराए के मकान में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। नकाबपोश चोर ताला तोड़कर घर में घुसा और लाखों के गहने व नकदी लेकर फरार हो गया। वारदात गली में लगे सीसीटीवी में दर्ज हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

सुनियोजित तरीके से की वारदात

मकान मालिक राजेश त्यागी का डी-ब्लॉक स्थित मकान है। दूसरी मंजिल पर दरोगा रॉबिन सिंह पिछले छह महीने से परिवार सहित किराए पर रह रहे थे। घटना के समय वे ड्यूटी पर थे। उनकी पत्नी प्रसूति के बाद मायके में हैं।

मकान मालिक के बेटे सूरज के मुताबिक दरोगा शनिवार दोपहर ड्यूटी पर गए थे और रात की ड्यूटी भी लग गई थी। घर पर बाहर से ताला लगा था, जिसकी एक चाबी दरोगा और दूसरी सूरज के पास थी।

पहले कैमरे बंद, फिर चोरी

रविवार तड़के करीब 2:50 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति गली में आता दिखा। उसने सरिये से गेट का ताला तोड़ा और घर में घुसते ही सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। आरोप है कि उसने सूरज को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। सुबह होश आने पर ताले टूटे मिले, जिसके बाद दरोगा को सूचना दी गई।

अलमारी से जेवरात गायब

चोर ने दरोगा के कमरे का ताला तोड़कर अलमारी खंगाली। पीड़ित के अनुसार 100 ग्राम से अधिक सोना, दो किलो से ज्यादा चांदी के जेवर और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी हुए। कुल नुकसान करीब 40 लाख रुपये बताया जा रहा है।

जांच में जुटी पुलिस

एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि मामले में कई टीमें लगाई गई हैं। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने जल्द खुलासे की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *