Agra News: शारदा यूनिवर्सिटी में ‘धर्म विजय यात्रा’ का भव्य आयोजन, जगद्गुरु शंकराचार्य ने युवाओं को संस्कृतियों की जड़ों से जुड़ने का दिया संदेश

Press Release

आगरा। शारदा यूनिवर्सिटी आगरा का परिसर मंगलवार को अध्यात्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं की पावन छटा से सुसज्जित दिखा, जब विश्वविद्यालय में ‘धर्म विजय यात्रा’ का भव्य स्वागत किया गया। शृंगेरी शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य, अनंत विभूषित श्री श्री विधुशेखर भारती महास्वामी जी के आगमन पर विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और आगंतुकों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और जयघोष के साथ उनका विशेष स्वागत किया।

अपने प्रेरणास्पद उद्बोधन में महास्वामी जी ने भारतीय संस्कृति, वेद-उपनिषद और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर को समझने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा उसके धर्म, ज्ञान और सांस्कृतिक मूल्यों में निहित है और इसे संरक्षित रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवा पीढ़ी को वैज्ञानिक दृष्टि के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया।

भारतीय ज्ञान प्रणाली पर जोर

कुलाधिपति पीके गुप्ता ने कहा कि धर्म विजय यात्रा युवाओं को अपनी मूल पहचान और सांस्कृतिक विरासत से पुनः जोड़ने का माध्यम है। कुलपति प्रो. (डॉ.) जयंती रंजन ने महास्वामी जी का स्वागत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय ‘इंडियन नॉलेज सिस्टम (IKS)’ के तहत वैदिक विज्ञान, भारतीय दर्शन, योग एवं संस्कृति से जुड़े अनेक शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि महास्वामी जी का सानिध्य विश्वविद्यालय समुदाय के लिए अत्यंत सौभाग्यपूर्ण है।

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लिया आशीर्वाद

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी विशेष रूप से लखनऊ से पहुंचे। उन्होंने धर्म विजय यात्रा को सनातन धर्म की शक्ति और उसके प्रति समर्पण का प्रतीक बताया और प्रदेश सरकार द्वारा सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।

महापौर सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित

आगरा नगर निगम की महापौर हेमलता दिवाकर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया, कीर्ति जी, अनम गुप्ता तथा आरएसएस के स्वयंसेवक भी कार्यक्रम में शामिल हुए और महास्वामी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजन की सफलता पर हर्ष

इस यात्रा के मुख्य संयोजक प्रो. (डॉ.) स्वामीनाथन ने पूरे कार्यक्रम में समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। प्रो-चांसलर श्री वाई.के. गुप्ता तथा प्रशांत गुप्ता (सीईओ, शारदा ग्रुप) ने कार्यक्रम के सफल एवं भव्य आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।

विश्वविद्यालय के सभी डीन, निदेशक और अध्यापक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *