Agra News: रामेश्वर चौधरी के विवादित बयान से मचा बवाल, विधायक बाबूलाल की राजनीति पर असर, वैश्य समाज का पंचायत बुलाने का एलान

स्थानीय समाचार

आगरा। फतेहपुरसीकरी के विधायक चौ. बाबूलाल के पुत्र रामेश्वर चौधरी ने अपने बिगड़े बोल के लिए भले ही माफी मांग ली है, लेकिन उनके इस बयान ने विधायक चौधरी बाबूलाल की राजनीति को डेंट तो दे ही दिया है। रामेश्वर चौधरी की माफी के बाद भी वैश्य समाज का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस पर आज समाज की प्रतिक्रिया सामने आई है।

अग्रसेन भवन, लोहा मंडी स्थित पुष्पांजलि सभागार में वैश्य एवं व्यापारिक समाज की ओर से इस मुद्दे पर प्रेस वार्ता कर पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के पुत्र एवं प्रतिनिधि रामेश्वर चौधरी की वैश्य समाज के प्रति की गई अपमानजनक, आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की गई।

प्रेस वार्ता में उपस्थित वैश्य एवं व्यापारी वर्ग ने बताया कि रामेश्वर चौधरी द्वारा रायभा स्थित पेट्रोल पंप संचालक अनुराग अग्रवाल को फोन पर न केवल धमकी दी गई, बल्कि पूरे वैश्य समाज को अपमानित करते हुए “चर्बी उतरवाने” जैसे असंसदीय शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने वैश्य समाज को डिफॉल्टर तक कहा, जो पूरी तरह निंदनीय, अनैतिक और अक्षम्य अपराध है।

वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति को धमकाने का मामला नहीं है, बल्कि पूरे वैश्य समाज और व्यापारी वर्ग का अपमान है। इस ऑडियो रिकॉर्डिंग के वायरल होने के बाद न केवल आगरा, बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के व्यापारी और वैश्य समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

वैश्य समाज ने यह भी आरोप लगाया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले से ही विधायक चौधरी बाबूलाल और उनके पुत्र द्वारा पूर्व में भी वैश्य समाज के साथ गलत व्यवहार किया जा चुका है। लगभग 25 वर्ष पूर्व अछनेरा स्थित हरप्रसाद जूनियर हाई स्कूल (वर्तमान अछनेरा इंटर कॉलेज) के प्रबंधन पर फर्जी तरीके से कब्जा कर वैश्य समाज का उत्पीड़न किया गया था। यह सिलसिला समय-समय पर विभिन्न रूपों में चलता रहा है।

अग्रवाल समाज खेरिया मोड़ के महामंत्री अखिलेश अग्रवाल, भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल, राष्ट्रीय आगरा सेना के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल तथा युवा अग्रबंधु महासभा के संस्थापक अध्यक्ष नीरज अग्रवाल सहित समाज के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कहा कि जब तक पूर्व विधायक पुत्र रामेश्वर चौधरी के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होती और वे अपने अमर्यादित बयान के लिए समाज से सार्वजनिक माफी नहीं मांगते, वैश्य एवं व्यापारी समाज का विरोध लगातार जारी रहेगा।

वैश्य समाज ने आगरा के प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से अनुरोध किया कि अनुराग अग्रवाल की निजी सुरक्षा एवं उनके पेट्रोल पंप की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, क्योंकि वायरल ऑडियो में दी गई धमकी गंभीर स्वरूप की है।

वैश्य एवं व्यापारी वर्ग ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आगरा प्रशासन की होगी।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वैश्य वर्ग सदैव राष्ट्रहित और समाजहित में अग्रणी भूमिका निभाता आया है। भाजपा के गठन काल से ही वैश्य समाज उसका प्रबल समर्थक रहा है, लेकिन यदि भाजपा नेतृत्व ने इस मामले में उचित कदम नहीं उठाया तो समाज शीर्ष नेतृत्व तक अपनी बात रखेगा और लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन खड़ा करेगा।

प्रेस वार्ता के अंत में वैश्य समाज ने घोषणा की कि आगरा एवं आसपास के जिलों के वैश्य प्रतिनिधियों की एक महा पंचायत शीघ्र आयोजित की जाएगी, जिसमें इस प्रकरण पर आगे की रणनीति और आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। इस अवसर पर अग्रवाल संगठन सेवला के महामंत्री राकेश गोयल, अग्रवाल समाज जयपुर हाउस के संजीव जैन, वैश्य एकता परिषद के विकास अग्रवाल, अग्रवाल समाज जयपुर हाउस के शरद मित्तल, वैश्य समाज कागारौल के मोहित गुप्ता, अग्रवाल समाज खेरिया मोड़ के सचिव आशीष सिंघल, प्रचार मंत्री अग्रवाल समाज शिवनारायण अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी भाजपा अर्जुन नगर मंडल आदित्य अग्रवाल, वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय महासचिव किशन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने वैश्य समाज पर अनर्गल, अमर्यादित व अशोभनीय टिप्पणी करने को घोर आपत्तिजनक बताते हुए कहा है कि वैश्य समाज ने सदैव देश और समाज के लिए समर्पित भाव से अनुकरणीय कार्य किया है। वैश्य समाज के बारे में बोलना तो दूर सोचना भी असामाजिक कृत्य है।

विधायक खंडेलवाल ने कहा कि सभी समाज मिलकर देश और समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हैं। किसी भी राजनीतिक अथवा गैर राजनीतिक व्यक्ति को किसी जाति विशेष के बारे में बोलकर भावनाओं को आहत करने का कोई अधिकार नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *