“आगरा होमगार्ड भर्ती: 600 में से 591 का मेडिकल, 20 फेल अभ्यर्थियों का मण्डलीय बोर्ड में 29 अक्टूबर को होगा पुनः परीक्षण”

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा.17.10.2026.श्री राहुल कुमार,जिला कमाण्डेंट होमगार्ड्स, ने बताया कि होमगार्ड्स स्वयंसेवकों के पदों पर एनरोलमेंट प्रक्रिया-2025 के अंतर्गत जनपद आगरा के कुल 1232 पुरुष/महिला चयनित अभ्यर्थियों की सूची उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा प्राप्त करायी गयी है। जिनका चिकित्सा परीक्षण दिनांक 12-10-2026 से पुलिस लाइन्स, आगरा में जनपदीय चिकित्सा बोर्ड द्वारा किया जा रहा है।

दिनांक 17-10-2026 तक कुल 600 अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण हेतु बुलाया गया। जिसमें कुल 591 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 09 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे हैं। मेडिकल परीक्षा में दिनांक 17-10-2026 तक कुल 571 अभ्यर्थी सफल एवं 20 असफल पाये गये हैं।

चिकित्सा परीक्षण में असफल पाये गये अभ्यर्थी जनपदीय चिकित्सा बोर्ड द्वारा किये गये परीक्षण से संतुष्ट न होने के कारण मण्डलीय चिकित्सा बोर्ड से परीक्षण कराये जाने हेतु अपील की है। जिनके परीक्षण की तिथि मण्डलीय चिकित्सा बोर्ड द्वारा दिनांक 29-10-2026 को निर्धारित की गयी है।

चिकित्सा परीक्षण में असफल पाये गये अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि दिनांक 29-10-2026 को होने वाले चिकित्सा परीक्षण हेतु मण्डलीय चिकित्सा परीक्षण बोर्ड के समक्ष उपस्थित होने के लिये दिनांक 19-10-2026 को पुलिस लाईन्स, आगरा से बुलावा पत्र प्राप्त कर लें।

चिकित्सा परीक्षण किये जाने के उपरान्त चिकित्सा परीक्षा परिणाम उसी दिन घोषित कर दिया जाता है। जिसकी एक प्रति पुलिस लाईन्स के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा कर दी जाती है।

यह भी उल्लेखनीय है कि जिन अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण अभी नहीं हुआ है, वह अपने निर्धारित तिथि को बताये गये अभिलेखों की प्रमाणित प्रति एवं मूल अभिलेख के साथ आयेंगे। चिकित्सा परीक्षण हेतु कोई भी अभ्यर्थी अपने साथ घड़ी, मोबाईल व बैग कैंपस के अन्दर नहीं लायेगा। घड़ी, मोबाईल एवं बैग के साथ किसी भी दशा में अभ्यर्थी को चिकित्सा परीक्षण हेतु कैंपस के अन्दर प्रवेश नहीं दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *