हरित रेलवे की दिशा में आगरा मंडल की पहल, सोलर ऊर्जा से लाखों की बचत

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा मंडल में 1,830.76 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित

मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेलवे परिसरों में सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित किए गए हैं।
आगरा मंडल में कुल 1,830.76 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित हैं। इनमें आगरा क्षेत्र में लगभग 1,155 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट विभिन्न रेलवे परिसरों में स्थापित हैं। आगरा क्षेत्र में आगरा कैंट स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रेलवे अस्पताल, रनिंग रूम, सिक लाइन, ईदगाह स्टेशन का द्वितीय प्रवेश द्वार तथा आगरा फोर्ट स्टेशन के विभिन्न परिसरों में सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं।
मथुरा क्षेत्र में लगभग 655 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट विभिन्न रेलवे परिसरों में स्थापित हैं। मथुरा क्षेत्र मंै मथुरा जंक्शन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, द्वितीय प्रवेश द्वार, मेला यार्ड शेड, बुकिंग कार्यालय, स्टेशन परिसर, ROH शेड बाद, बिलौचपुरा, फरह, परखम, भैंसा रेलवे स्टेशन तथा डीग सहित विभिन्न स्थानों पर सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं।
इन सोलर रूफटॉप प्लांटों के माध्यम से सौर ऊर्जा का उपयोग कर रेलवे की विद्युत खपत में कमी लाने तथा ऊर्जा बचत करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इन सोलर प्लांटों से लगभग 15.23 लाख यूनिट विद्युत ऊर्जा की बचत हुई, जिससे करीब ₹80.41 लाख की राजस्व बचत हुई। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त 2026 तक लगभग 8.34 लाख यूनिट विद्युत ऊर्जा की बचत तथा करीब ₹39.18 लाख की राजस्व बचत हुई है।
सौर ऊर्जा के उपयोग से परंपरागत ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण को बढ़ावा मिल रहा है। आगरा मंडल द्वारा सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देकर ऊर्जा दक्षता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। यह पहल हरित रेलवे, ऊर्जा आत्मनिर्भरता एवं स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *