
आगरा। मंडल भारतीय रेल में समयपालन एवं उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मंडल द्वारा सुरक्षित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रेल संचालन सुनिश्चित करने हेतु किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम है कि आगरा मंडल ने रेलवे बोर्ड स्तर पर पुनः उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।
दिनांक 17.05.2026 आगरा मंडल ने उत्कृष्ट परिचालन क्षमता, बेहतर समन्वय एवं समर्पित कार्यशैली का परिचय देते हुए Overall समय पालन में 98.74% प्राप्त कर रेलवे बोर्ड स्तर पर पूरे भारतीय रेल में प्रथम स्थान अर्जित किया।
इसके साथ ही मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समय पालन 99.42% रही, जिसमें भी आगरा मंडल ने रेलवे बोर्ड स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर अपनी कार्यकुशलता एवं परिचालन दक्षता का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया।यह उपलब्धियाँ मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कुलदीप मीना के निर्देशन में सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयास, सतत मॉनिटरिंग एवं कुशल परिचालन प्रबंधन का प्रतिफल हैं।
इसी क्रम में दिनांक 13.05.2026 को मेल/एक्सप्रेस एवं ट्रेन ऑन डिमांड ट्रेनों के संयुक्त समयपालन प्रदर्शन में आगरा मंडल ने 97.78% समयपालन प्राप्त करते हुए भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। वहीं दिनांक 10.05.2026 को मंडल द्वारा उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन करते हुए 98.84% समयपालन दर्ज किया गया, जिसके आधार पर आगरा मंडल ने रेलवे बोर्ड स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया| उल्लेखनीय है कि दिनांक 03.06.2025 को 100% समयपालन प्राप्त होने के पश्चात यह आगरा मंडल द्वारा प्राप्त सर्वोच्च समयपालन प्रतिशतों में से एक है।
आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं समयनिष्ठ रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल की ये उपलब्धियाँ न केवल परिचालन उत्कृष्टता को दर्शाती हैं, बल्कि भारतीय रेल में आगरा मंडल की मजबूत कार्यसंस्कृति, टीम भावना एवं प्रतिबद्धता का भी प्रतीक हैं। मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।


