सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने वाले 179 दुकानदारों पर कार्रवाई, 1.32 लाख जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—- डस्टबिन रखने के बजाय सड़क पर कूड़ा फेंकना पड़ा भारी, चारों जोन में चला अभियान

आगरा। कूड़ा संग्रहण के लिए डस्टबिन रखने के बजाय सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाना दुकानदारों को भारी पड़ गया। नगर निगम प्रशासन ने शहर के चारों जोन में औचक अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 132100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम की अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के अनुसार नगर निगम की टीमें चारों जोन में लगातार निगरानी कर रही हैं। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े को सड़क, नाली अथवा सार्वजनिक स्थान पर न फेंकें। कूड़ा संग्रहण के लिए डस्टबिन की व्यवस्था करें और नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहन को ही कूड़ा सौंपें। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाने के साथ उन्हें भविष्य में गंदगी न करने की चेतावनी भी दी गई।

—- लोहामंडी में 21 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

लोहामंडी जोन में नगर निगम की टीम ने 21 प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 23100 रुपये का जुर्माना वसूला। यहां दुकानों के बाहर और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डाले जाने की शिकायतों के बाद टीम ने औचक निरीक्षण किया।

— ताजगंज में 28 दुकानदारों से वसूला जुर्माना

ताजगंज जोन में 28 दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे कुल 37600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम ने दुकानदारों को प्रतिष्ठान के बाहर कूड़ा न डालने और डस्टबिन रखने के निर्देश दिए।

— छत्ता में 46 दुकानदारों पर कार्रवाई

छत्ता जोन में अभियान के दौरान 46 दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए 28200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकते पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

— हरीपर्वत में सर्वाधिक 84 दुकानदारों पर कार्रवाई

हरीपर्वत जोन में सबसे अधिक 84 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे 43200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम की कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों में अफरा-तफरी की स्थिति रही। अधिकारियों ने मौके पर ही दुकानदारों को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और कूड़े का उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
वहीं दूसरी ओर अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से नालियां चोक होने के साथ ही गंदगी और दुर्गंध की समस्या पैदा होती है। बारिश के दौरान यही कचरा जलभराव की समस्या को भी बढ़ाता है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:

“सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुकानदार अपने प्रतिष्ठान से निकलने वाले कूड़े के लिए डस्टबिन रखें और कूड़ा नगर निगम के संग्रहण वाहन को ही दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। शहर को स्वच्छ रखना नगर निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की जिम्मेदारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *