टेढ़ी बगिया में नगर निगम की टास्कफोर्स का एक्शन, सड़क और फुटपाथ से हटाया अतिक्रमण

Press Release उत्तर प्रदेश

दुकानदारों के विरोध के बावजूद नहीं रुकी कार्रवाई, जाम से राहत दिलाने के लिए चलाया अभियान

आगरा। टेढ़ी बगिया चौराहे पर जाम की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। टास्कफोर्स ने सड़कों और फुटपाथों पर किए गए कब्जों को हटवाया। कई स्थानों पर दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन टीम की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाकर सार्वजनिक रास्तों को खाली कराया गया।
टेढ़ी बगिया चौराहा अलीगढ़, हाथरस और जलेसर मार्ग का प्रमुख संपर्क केंद्र है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। रामबाग की ओर से आने वाले वाहनों के साथ रोडवेज बसों, ऑटो और ई-रिक्शा का दबाव भी रहता है। दुकानों के बाहर सामान फैलाने और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे सुबह-शाम जाम की स्थिति बनती है।
क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या बनी हुई है। नगर निगम की कार्रवाई का उद्देश्य सड़क और फुटपाथ को खाली कराकर राहगीरों के साथ वाहन चालकों के लिए रास्ता सुगम बनाना है।

—- दोबारा अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आमजन को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदार सड़क पर सामान रखकर आवागमन बाधित न करें। दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *