लक्ष्य से कम वसूली पर सख़्त रुख, कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जाएगा

Press Release उत्तर प्रदेश

—- 50 प्रतिशत से कम वसूली वाले ज़ोन होंगे निशाने पर, टैक्स कलेक्टर को तीन दिन का अल्टीमेटम

आगरा। नगर निगम में गृहकर वसूली को लेकर सख़्ती बढ़ा दी गई है। सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जनवरी माह में निर्धारित लक्ष्य से कम राजस्व वसूली करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा।
वे ताजगंज ज़ोन में गृहकर बकाये की स्थिति को लेकर राजस्व कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक कर रही थीं। बैठक में उन्होंने बताया कि शासन द्वारा नगर निगम को 125 करोड़ रुपये का राजस्व वसूली लक्ष्य दिया गया है, जिसके तहत जनवरी माह तक सभी ज़ोन में कम से कम 80 प्रतिशत वसूली हर हाल में पूरी करनी होगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी ज़ोन में जनवरी तक 50 प्रतिशत से कम वसूली पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई तय है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान ज़ोन में तैनात टैक्स कलेक्टर प्रताप सलीम की वसूली स्थिति सामने आने पर सहायक नगर आयुक्त ने कड़ी नाराज़गी जताई। प्रताप सलीम द्वारा अब तक 15 प्रतिशत से भी कम वसूली किए जाने पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि तीन दिन के भीतर वसूली में ठोस सुधार दिखना चाहिए।
एस एन ए ने राजस्व कर्मियों को निर्देश दिए कि बड़े बकायेदारों की सूची बनाकर तत्काल नोटिस जारी करें, आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग और कुर्की जैसी सख़्त कार्रवाई भी अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि गृहकर वसूली नगर निगम की आर्थिक सेहत से सीधे जुड़ी हुई है, ऐसे में लक्ष्य प्राप्ति में कोई भी कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मौजूद अधिकारियों को रोज़ाना की वसूली रिपोर्ट प्रस्तुत करने और फील्ड में सक्रिय रहकर बकायेदारों से संपर्क बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *