
—- स्थानीय लोगों की शिकायत पर नगर निगम ने हटवाए दर्जनों फल और सब्जी विक्रेता
—— तिकोनिया पार्क के चारों ओर अतिक्रमण से हर समय रहती थी जाम की स्थिति
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तिकोनिया बेलनगंज क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा दिया है। तिकोनिया पार्क के चारों ओर ठेल-धकेल, तिरपाल और अस्थायी ढांचे लगाकर सब्ज़ी फल व अन्य सामान का कारोबार किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय नागरिकों द्वारा इस समस्या को नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के संज्ञान में लाया गया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने अतिक्रमण प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान तिकोनिया पार्क के चारों ओर सड़क किनारे लगाए गए सभी अस्थायी ठेले, दुकाने और तिरपाल हटवा दिए गए। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई है और पार्क के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह से खुल गया है।
इस संबंध में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि नगर निगम का उद्देश्य आम नागरिकों को जाम और अव्यवस्था से राहत दिलाना है। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। शहर में जहां-जहां से अतिक्रमण की शिकायतें मिलेंगी, वहां त्वरित और सख़्त कार्रवाई की जाएगी। स्पष्ट किया है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।


