
आगरा। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने सोमवार को वार्ड 25 और 54 के अंतर्गत मारुति एस्टेट क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान नालों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी और सफाई में लापरवाही मिलने पर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। वहीं, लापरवाही सामने आने पर संबंधित दो सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों (एसएफआई) प्रदीप गौतम और इंद्रपाल सिंह तथा जेड एस ओ मनोज पाल को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को भी चेतावनी दी गई है।
महापौर ने क्षेत्र में नालों की स्थिति देखी और उनकी सफाई की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान नालों में गंदगी मिलने के साथ ही सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नालों की समय से सफाई कराई जाए, ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर नालों और आसपास के इलाकों को साफ कराया जाए। साथ ही सफाई कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दोबारा नहीं दोहराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की है और इसमें लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, क्षेत्रीय पार्षद, जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ) और सफाई एवं खाद्य निरीक्षक (एसएफआई) सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


