जनकपुरी महोत्सव में चाक-चौबंद सफाई व्यवस्था को 200 सफाईकर्मियों की तैनाती

Press Release उत्तर प्रदेश

—– दो शिफ्टों में होगी सफाई, फॉगिंग-एंटी लार्वा छिड़काव के साथ सड़कों पर पानी का छिड़काव

आगरा। बुधवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय जनकपुरी महोत्सव को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम ने 200 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की है। ये कर्मचारी दो शिफ्टों में कार्य करते हुए आयोजन स्थल पर सफाई व्यवस्था संभालेंगे। कर्मचारियों के काम की निगरानी के लिए नौ सुपरवाइजर भी लगाए गए हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का लगातार निरीक्षण करेंगे।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि जनकपुरी महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन स्थल पर सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की गई है, ताकि भीड़ बढ़ने के साथ उत्पन्न होने वाले कचरे का तत्काल निस्तारण कराया जा सके। कर्मचारियों को दोनों शिफ्टों में जिम्मेदारी दी गई है और सुपरवाइजरों के माध्यम से उनकी नियमित निगरानी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वार्ड 88 में लगातार फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य आयोजन के दौरान मच्छरों की रोकथाम के साथ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध कराना है। आयोजन स्थल के आसपास नालियों और ऐसे स्थानों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, जहां पानी जमा होने की संभावना रहती है।

—— प्रदूषण नियंत्रण पर भी निगम का जोर

जनकपुरी महोत्सव में उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए नगर निगम ने वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए भी इंतजाम किए हैं। प्रमुख सड़क मार्गों की सफाई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों से कराई जा रही है। इसके साथ ही धूल को नियंत्रित करने के लिए टैंकरों के माध्यम से सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। निगम का प्रयास है कि महोत्सव के दौरान लोगों को साफ-सुथरा और धूल रहित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
नगर निगम के अधिकारी आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, सड़क सफाई और पानी के छिड़काव की व्यवस्था की मौके पर निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी कूड़ा एकत्र न होने पाए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल अतिरिक्त सफाई कराई जाए।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि महोत्सव के तीनों दिनों में सफाई व्यवस्था को लेकर निगम की टीम पूरी तरह सक्रिय रहेगी। भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोजन स्थल की लगातार निगरानी करने तथा सफाई, फॉगिंग और सड़क धुलाई समेत सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *