आगरा। शहर में सार्वजनिक स्थलों, नालों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने लोहा मंडी बाजार और बल्देवगंज क्षेत्र में नालों व फुटपाथ पर पक्के निर्माण कर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ठेल-ढकेल, काउंटर और अन्य सामान जब्त किया गया। नगर निगम की कार्रवाई से बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
नगर निगम प्रशासन के मुताबिक, अभियान से पहले संबंधित क्षेत्रों में मुनादी कराकर दुकानदारों और कारोबारियों को सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर नालों और फुटपाथ पर अस्थायी के साथ-साथ पक्के निर्माण कर रास्ते और नालियां घेर ली गई थीं। शिकायतों और पूर्व चेतावनी के बाद निगम की टीम ने बुधवार को अभियान चलाकर ऐसे अतिक्रमणों को हटाना शुरू किया।
—- लोहा मंडी और बल्देवगंज में कार्रवाई
अभियान की शुरुआत लोहा मंडी बाजार और बल्देवगंज क्षेत्र से हुई। यहां कई दुकानदारों ने दुकानों के बाहर फुटपाथ और नालों के ऊपर सामान रखकर, लोहे की सीढ़ियां बनाकर तथा काउंटर आदि लगाकर जगह घेर रखी थी। नगर निगम के टास्कफोर्स ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। टीम ने रास्ते और फुटपाथ पर रखे ठेल-ढकेल, काउंटर और अन्य सामान को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय कारोबारियों ने इसका विरोध भी किया। कुछ दुकानदारों ने निगम की टीम के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई और कार्रवाई रोकने का प्रयास किया, लेकिन टास्कफोर्स की सख्ती के चलते अभियान जारी रहा। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्ते, फुटपाथ और नालों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
—- सिकंदरा भावना स्टेट रोड पर भी चला अभियान
नगर निगम की टीम ने इसके बाद भावना स्टेट, सिकंदरा रोड क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यहां सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। टीम ने दुकानदारों और अन्य लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने कहा कि अभियान के बाद दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
—– पहले दी गई थी चेतावनी
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अचानक नहीं की गई है। संबंधित क्षेत्रों में पहले ही मुनादी कराकर लोगों को अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए कहा गया था। चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निगम की टीम ने प्रवर्तन कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का नेतृत्व एसएफआई संजीव उपाध्याय ने किया। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान यह भी चेतावनी दी कि फुटपाथ, नाले अथवा सड़क की जगह घेरकर दोबारा निर्माण या सामान रखने पर जब्ती और अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त का वर्जन
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर में सार्वजनिक रास्तों, फुटपाथों और नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। संबंधित क्षेत्रों में पहले ही मुनादी कराकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि फुटपाथ और नालों को अतिक्रमण मुक्त रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। अभियान के दौरान जब्त किए गए सामान के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


