राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आगरा मंडल में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के संरक्षण एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगरा मंडल में राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन दिनांक 16 से 30 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है।
राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आज दिनांक 18 सितंबर 2026 को राजभाषा विभाग एवं सांस्कृतिक टीम, आगरा द्वारा संयुक्त रूप से आगरा कैंट स्टेशन पर हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्टेशन निदेशक संतोष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में रेल कर्मचारियों एवं यात्रियों से अपने दैनिक जीवन तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों एवं कर्मचारियों को हिंदी के सहज, सरल एवं अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया तथा राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी की देखरेख में मंडल कार्यालय के गोवर्धन सभाकक्ष में कर्मचारियों के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न विभागों से कुल 24 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों को हिंदी में अपने विचारों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
राजभाषा पखवाड़े के दौरान आगरा मंडल में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन कर कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *