दुकानदारों ने वेंडिंग जोन पर किया कब्जा, दर्जन भर खोखे जब्त

Press Release उत्तर प्रदेश

—-फुटपाथ पर टिन शेड डालकर बेच रहे थे चिकन बिरयानी, निगम टास्क फोर्स ने ढहाया

आगरा। वेंडिंग जोन में निर्धारित व्यवस्था के विपरीत खोखे रखकर अवैध रूप से कारोबार करने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई की। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नगर निगम की टास्क फोर्स ने अभियान चलाकर वेंडिंग जोन को खाली कराया और वहां रखे करीब एक दर्जन खोखों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने मौके पर मौजूद अवैध कब्जों को हटाने के साथ ही वेंडिंग जोन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
वार्ड 37 के पार्षद गजेन्द्र सिंह ने नगर आयुक्त से शिकायत की थी कि वेंडिंग जोन में निर्धारित स्थानों के बजाय खोखे रखकर अवैध रूप से कारोबार किया जा रहा है। इसके चलते क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। पार्षद ने वेंडिंग जोन के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत भी की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर निगम की टास्क फोर्स ने मौके पर पहुंचकर वेंडिंग जोन में रखे खोखों की जांच की। नियमों के विपरीत रखे गए खोखों को हटवाते हुए करीब एक दर्जन खोखे जब्त कर लिए गए। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोन का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के तहत ही किया जा सकेगा। सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति कब्जा कर कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

—- फुटपाथ पर टिन शेड डालकर बेच रहे थे चिकन बिरयानी

नगर निगम की टीम ने शास्त्रीपुरम स्थित आबंतीबाई चौराहे से आगे फुटपाथ पर किए गए एक अन्य अवैध कब्जे के खिलाफ भी कार्रवाई की। यहां फुटपाथ पर टिन शेड डालकर चिकन बिरयानी बेची जा रही थी। इससे फुटपाथ पर लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही थी और सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई थी।
सूचना मिलने पर निगम की टास्क फोर्स मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए टिन शेड को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही फुटपाथ को कब्जामुक्त कराया गया। निगम अधिकारियों ने संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार शहर में वेंडिंग जोन को व्यवस्थित करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों, फुटपाथ और सड़कों पर अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर कारोबार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वर्जन —-

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर में वेंडिंग जोन को निर्धारित नियमों के अनुसार ही संचालित किया जाना है। यदि कोई व्यक्ति वेंडिंग जोन या सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से खोखा रखकर कारोबार करता है अथवा फुटपाथ पर कब्जा करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना नगर निगम की प्राथमिकता है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *