स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित रेलवे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगरा मंडल द्वारा आज दिनांक 15 अगस्त 2026 को 2 लाख 01 हजार पौधों के रोपण का विशेष अभियान शुरू किया गया।
इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे संस्थान, आगरा में मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल, सभी शाखा अधिकारियों, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती ईशानी गोयल एवं समिति की सभी सदस्यों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों, रेल पटरियों के आसपास तथा उपलब्ध रेलवे भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करना और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना है।
मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय श्री शैलेश कुमार के निर्देशन में आगरा मंडल ने इस विशेष पौधरोपण अभियान के लिए कुल 2 लाख 01 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न इंजीनियरिंग इकाइयों को पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसका विवरण निम्नानुसार है-सहायक मंडल इंजीनियर प्रथम, मथुरा– 30,000 पौधे,
सहायक मंडल इंजीनियर द्वितीय, मथुरा – 37,000 पौधे,
सहायक मंडल इंजीनियर/मुख्यालय – 30,000 पौधे,
सहायक मंडल इंजीनियर/लाइन/ईदगाह – 30,000 पौधे,
सहायक मंडल इंजीनियर/धौलपुर – 42,000 पौधे,
सहायक मंडल इंजीनियर/लाइन/आगरा – 32,000 पौधे,
इस प्रकार आगरा मंडल द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुल 2 लाख 01 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान रेलवे के हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने कहा कि “पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है।” उन्होंने सभी रेलकर्मियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं देखभाल पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।


