
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया
आज दिनांक 15.08.2026 को उत्तर मध्य रेलवे संस्थान, आगरा में राष्ट्रीय गीत के गायन के साथ मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने राष्ट्रगान एवं इसके पश्चात रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट्स एंड गाइड, सिविल डिफेंस टीम की सशस्त्र टुकड़ियों की परेड़ का निरीक्षण किया एवं सलामी ली। उपस्थित रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया तथा महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे का संदेश पढ़कर सुनाया। इस शुभ अवसर पर सभी रेल कर्मियों को अपने कर्तव्य निर्वाहन हेतु उत्साहित किया तथा उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों की ओर कदम बढ़ाये हैं| उत्तधर मध्य रेलवे वर्ष 2003 में अपने गठन के समय से ही भारतीय रेल के महत्वपूर्ण अंग के रूप में अपना अहम योगदान दे रहा है। हमारा योगदान हमारे वित्तीय कार्यनिष्पादन में परिलक्षित होता है। चालू वित्त वर्ष के दौरान जुलाई, 2026 के अंत तक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में सकल मूल अर्जन में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिसके अंतर्गत मूल यात्री अर्जन में 15 प्रतिशत से अधिक तथा मालभाड़ा अर्जन में 10.5 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। टिकट जाँच से होने वाले अर्जन में भी 23.5 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हमने स्क्रैप की बिक्री से 179 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड अर्जन किया है, जो रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित आनुपातिक लक्ष्य से 121 प्रतिशत अधिक है।
ग्राहक संतुष्टि हमारे संपूर्ण कार्यों का मुख्य ध्येय है। वर्तमान वित्त वर्ष में अत्यधिक भीड़ वाली अवधि के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर मध्य रेलवे में 4656 ट्रिप ट्रेन ऑन डिमांड गाड़ियाँ चलाई गईं और 64 ट्रिप के लिए विभिन्न गाड़ियों में अस्थाई तौर पर 12 अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए। जनता की माँग को ध्यान में रखते हुए 18 नई ट्रेनों की शुरुआत की गईं, जिनमें उत्तर मध्य रेलवे की अपनी 04 गाड़ियाँ शामिल हैं, साथ ही 06 गाड़ियों का विस्तार भी किया गया|

संरक्षा सदा सर्वोपरि’ का मोटो हमारे दैनिक कार्यों का मूल मंत्र है और इसके प्रति हम हमेशा से ही संजीदा रहे हैं। अपने जोन के मुख्य रेलमार्गों पर कवच प्रणाली लागू करने वाली रेलों में उत्तर मध्य रेलवे को अग्रणी रेलवे का दर्जा हासिल है। अब तक 716 किलोमीटर रूट पर कवच प्रणाली लगाई जा चुकी है। हमने 303 रेल इंजनों में भी कवच उपकरण लगाए हैं। उल्लेखनीय है कि हमारे जोन के 90 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों को रेल इंजनों में कवच के प्रचालन हेतु प्रशिक्षित किया जा चुका है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आगरा मंडल में सिविल डिफेंस द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से भूकंप एवं आग लगने जैसी आपातकालीन स्थितियों के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों का सिविल डिफेंस टीम द्वारा प्रदर्शन किया गया।महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों ने तिरंगे गुब्बारे हवा में छोड़े । स्काउट एंड गाइड द्वारा बनाये गये विभिन्न प्रकार के टेंट, ब्रिजों, मचान आदि को भी मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सराहा गया, इस शुभ अवसर पर सांस्कृतिक अकादमी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए , जिसे उपस्थित जन समूह एवं अधिकारियों द्वारा काफी सराहा गया | मण्डल रेल प्रबंधक ने आर.पी.एफ. परेड़ में शामिल सभी टुकड़ियों, संस्कृतिक अकादमी की टीम, स्काउट एवं गाइड पायोनियर प्रोजेक्ट , स्काउट नृत्य, इंजीनियरिंग विभाग, कार्मिक विभाग, कैटरिंग विभाग, एस एंड टी विभाग, जनसंपर्क विभाग , कार्मिक वेलफेयर टीम तथा सी एच आई टीम मेडिकल विभाग आदि को पुरस्कृत भी किया|
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल,महिला कल्याण संगठन अध्यक्षा श्रीमती ईशानी गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री गिरीश कुमार गुप्ता व स्वतंत्रता दिवस समारोह समिति के अध्यक्ष श्री शैलेश कुमार वरि.मंडल इंजीनियर (समन्वय) सहित सभी अधिकारीगण,यूनियन के सदस्यगण,मीडिया बंधु एवं महिला कल्याण संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


