—– जलकल की पाइपलाइन शिफ्टिंग लाई रंग, नगर आयुक्त ने बारिश के बीच किया मौके का निरीक्षण
आगरा। नगर निगम और जलकल विभाग के समन्वित प्रयासों से शहर के सबसे संवेदनशील जलभराव वाले क्षेत्रों में शामिल बिजलीघर, सुभाष मार्केट और रेलवे अंडरपास को बड़ी राहत मिली है। काजीपाड़ा नाले के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा बन रही जलापूर्ति पाइपलाइनों को जलकल विभाग द्वारा शिफ्ट किए जाने के बाद मंगलवार को हुई भारी बारिश के बावजूद इन क्षेत्रों में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं बनी। वर्षों से बारिश के दौरान जलमग्न रहने वाले इन इलाकों में इस बार पानी का निर्बाध निकास होने से राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों ने भी राहत की सांस ली।
मंगलवार को शहर में हुई तेज बारिश के दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य स्वयं अधिकारियों के साथ बिजलीघर, सुभाष मार्केट, रेलवे अंडरपास और काजीपाड़ा नाले का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों से नाले के प्रवाह तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार काजीपाड़ा नाले के प्रवाह में जलकल विभाग की पाइपलाइनें बाधा उत्पन्न कर रही थीं, जिससे बरसात के समय पानी का बहाव प्रभावित होता था और बिजलीघर, शिवाजी मार्केट तथा रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। हाल ही में इन पाइपलाइनों को शिफ्ट कर दिए जाने के बाद नाले का प्रवाह पूरी तरह सुचारु हो गया है। इसका सकारात्मक परिणाम मंगलवार की तेज बारिश में स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जब इन क्षेत्रों में जलभराव नहीं हुआ और यातायात भी सामान्य रूप से संचालित होता रहा।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी प्रमुख नालों और ड्रेनों की नियमित सफाई एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि लगातार हो रही बारिश के दौरान भी कहीं जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात टीमों को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
वर्जन —–
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि काजीपाड़ा नाले के प्रवाह में बाधा बन रही पाइपलाइनों को हटाकर शिफ्ट कराया गया है, जिससे पानी की निकासी पहले की अपेक्षा काफी बेहतर हुई है। इसका परिणाम मंगलवार की भारी बारिश में देखने को मिला, जब बिजलीघर, शिवाजी मार्केट और रेलवे अंडरपास जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और शहरवासियों को जलभराव से राहत दिलाने के लिए स्थायी समाधान की दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे।


