टेढ़ी बगिया-कालिंदी विहार सड़क सुधार के निर्देश, नगर आयुक्त ने परखी सीएम ग्रिड कार्यों की प्रगति

Press Release उत्तर प्रदेश

—– सीएम ग्रिड परियोजना में गुणवत्ता से समझौता नहीं, ठेकेदार को मानकों का पालन करने के निर्देश

आगरा। शहर की महत्वाकांक्षी सीएम ग्रिड योजना के तहत टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार एनएच तक चल रहे निर्माण कार्यों का मंगलवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि परियोजना के निर्माण के साथ-साथ आमजन की सुविधा भी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि सीएम ग्रिड योजना के तहत एक ओर सड़क पर निर्माण कार्य जारी है, जबकि दूसरी ओर की सड़क से वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। लगातार बारिश के कारण इस सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर उन्होंने निर्माण अभियंताओं को तत्काल गड्ढे भरवाकर सड़क को मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
नगर आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने तक वैकल्पिक मार्ग की स्थिति बेहतर बनाए रखना संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश के दौरान सड़क की लगातार निगरानी की जाए और जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त हो, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था (ठेकेदार) को निर्देशित किया कि सीएम ग्रिड योजना के सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही कराए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मुख्य अभियंता, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, अवर अभियंता हरिओम तथा संबंधित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:

“सीएम ग्रिड योजना शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की महत्वपूर्ण परियोजना है। निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रभावित मार्गों की तत्काल मरम्मत कराई जा रही है। कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *